रेवाड़ी में पूर्व गृह मंत्री कन्हैयालाल पोसवाल की 105वीं जयंती मनाई

WhatsApp Channel Join Now
रेवाड़ी में पूर्व गृह मंत्री कन्हैयालाल पोसवाल की 105वीं जयंती मनाई


पोसवाल चौक पर कार्यक्रम आयोजित, गुजर समाज से उनके दिखाए मार्ग पर चलने का आह्वान

रेवाड़ी, 16 अगस्त (हि.स.)। पूर्व गृह मंत्री कन्हैयालाल पोसवाल की 105वीं जयंती रविवार को रेवाड़ी में श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाई गई। पोसवाल चौक पर आयोजित कार्यक्रम में भाजपा जिला अध्यक्ष वंदना पोपली सहित विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधियों और समाज के लोगों ने हिस्सा लिया। इस दौरान उपस्थित लोगों ने कन्हैयालाल पोसवाल के सामाजिक एवं राजनीतिक योगदान को याद किया और उनके विचारों से प्रेरणा लेने का आह्वान किया।

कार्यक्रम के आयोजकों ने गुजर समाज के लोगों से कन्हैया लाल पोसवाल के दिखाए मार्ग पर चलने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि समाज को एकजुट होकर शिक्षा, सामाजिक विकास और राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभानी चाहिए। पोसवाल के जीवन से प्रेरणा लेकर समाज के उत्थान के लिए निरंतर कार्य करने का संदेश दिया गया।

कन्हैयालाल पोसवाल का जन्म रेवाड़ी में हुआ था। उन्होंने नगर पार्षद के रूप में अपने राजनीतिक सफर की शुरुआत की। इसके बाद वर्ष 1952 से 1962 तक रेवाड़ी नगर पालिका के चेयरमैन रहे। वर्ष 1962 में संयुक्त पंजाब में कांग्रेस की टिकट पर गुरुग्राम विधानसभा क्षेत्र से विधायक चुने गए। वर्ष 1968 में सोहना से निर्दलीय चुनाव जीतने के बाद दोबारा कांग्रेस में शामिल हो गए।

वर्ष 1977 में वे सोहना से फिर विधायक चुने गए। इसके बाद छछरौली विधानसभा क्षेत्र से भी विधायक रहे। वर्ष 1966 में उन्होंने राज्यसभा सांसद के रूप में भी जिम्मेदारी संभाली। राजनीतिक जीवन में उन्होंने विभिन्न पदों पर रहते हुए क्षेत्र और समाज के लिए कार्य किया। इस माैके पर कसौली के सरपंच राम सिंह, गुजर समाज के जिला अध्यक्ष चरण सिंह खटाना, पूर्व चेयरमैन गुरुदयाल नंबरदार, पार्षद मुकेश सोनी, पार्षद चेतराम सैनी, राजेश सरपंच आसलवास, निहाल नंबरदार, कप्तान दयाराम, राम सिंह सरपंच, राजपाल सरपंच और त्रिलोक चंद एडवोकेट सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला

Share this story