रेवाड़ीः आकेड़ा व घटाल महानियावास को मिलाकर बनेगा महाग्राम, संयुक्त कमेटी गठित

WhatsApp Channel Join Now
रेवाड़ीः आकेड़ा व घटाल महानियावास को मिलाकर बनेगा महाग्राम, संयुक्त कमेटी गठित


पंचायती जमीन की कमी और भिवाड़ी इंडस्ट्री क्षेत्र से सटे होने के कारण लिया गया फैसला

रेवाड़ी, 17 मार्च (हि.स.)। जिले के गांव आकेड़ा और घटाल महानियावास को मर्ज कर महाग्राम योजना में शामिल करने की दिशा में सरकार ने अहम कदम उठाया है। इस संबंध में अतिरिक्त उपायुक्त और सीईओ जिला परिषद की संयुक्त विभागीय कमेटी का गठन किया गया है, जो दोनों गांवों के एकीकरण से जुड़ी सभी प्रक्रियाओं और संभावनाओं का अध्ययन करेगी।

विधानसभा में रेवाड़ी के विधायक लक्ष्मण सिंह यादव द्वारा मंगलवार को उठाई गई मांग के जवाब में पंचायत मंत्री कृष्ण लाल पंवार ने यह जानकारी दी। मंत्री ने बताया कि दोनों पंचायतों के पास अपनी कोई पंचायती जमीन नहीं है, जिससे विकास कार्यों में लगातार बाधाएं आ रही हैं। ऐसे में महाग्राम योजना के तहत इनका विलय कर विकास को गति देने की योजना बनाई जा रही है। उन्होंने यह भी कहा कि आकेड़ा और घटाल महानियावास गांव राजस्थान के भिवाड़ी औद्योगिक क्षेत्र से सटे हुए हैं। इस कारण यहां शहरीकरण तेजी से बढ़ रहा है और बुनियादी सुविधाओं की मांग भी लगातार बढ़ती जा रही है। महाग्राम योजना में शामिल होने के बाद इन क्षेत्रों को बेहतर आधारभूत सुविधाएं, योजनाबद्ध विकास और प्रशासनिक सहयोग मिल सकेगा।

मंत्री कृष्ण लाल पंवार ने कहा कि आकेड़ा की जनसंख्या 514 और घटाल की 4629 जनसंख्या है। दोनों पंचायतों के पास ग्राम पंचायत की भूमि नहीं है। दोनों गांवों को मर्ज कर महाग्राम योजना में शामिल कर सीवर लाइन डाल दी जाएगी। अतिरिक्त उपायुक्त और सीईओ जिला परिषद की संयुक्त कमेटी को 15 दिन में रिपोर्ट देनी है। गठित कमेटी दोनों गांवों की भौगोलिक स्थिति, जनसंख्या, संसाधनों और विकास आवश्यकताओं का विस्तृत मूल्यांकन करेगी। इसके बाद अपनी रिपोर्ट सरकार को सौंपेगी, जिसके आधार पर अंतिम निर्णय लिया जाएगा। इस पहल से क्षेत्र के निवासियों को विकास की नई संभावनाएं मिलने की उम्मीद है।

हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला

Share this story