रेवाड़ी में दो साल बाद हुई एएसपी की तैनाती, दीपिका अग्रवाल ने संभाला कार्यभार

WhatsApp Channel Join Now
रेवाड़ी में दो साल बाद हुई एएसपी की तैनाती, दीपिका अग्रवाल ने संभाला कार्यभार


2023 बैच की आईपीएस अधिकारी ने महिला सुरक्षा और यातायात सुधार को बताया प्राथमिकता

रेवाड़ी, 04 सितंबर (हि.स.)। करीब दो साल बाद रेवाड़ी पुलिस में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक की तैनाती हुई है। 2023 बैच की आईपीएस अधिकारी दीपिका अग्रवाल ने बेसिक ट्रेनिंग पूरी करने के बाद शुक्रवार को एएसपी के रूप में अपना कार्यभार संभाल लिया। कार्यभार ग्रहण करने पर एसपी हेमेंद्र मीणा ने उन्हें बधाई दी।

उन्होंने कहा कि दीपिका अग्रवाल के विजन, पेशेवर अनुभव और कुशल नेतृत्व से जिला पुलिस को नई ऊर्जा मिलेगी। मूल रूप से सिक्किम के गंगटोक की रहने वाली दीपिका अग्रवाल सिविल सेवा में आने से पहले कॉर्पोरेट क्षेत्र में इन्वेस्टमेंट प्रोफेशनल के रूप में कार्य कर चुकी हैं। उन्होंने श्री राम कॉलेज ऑफ कॉमर्स से बीकॉम की पढ़ाई की और हैदराबाद से फाइनेंस में पोस्ट ग्रेजुएशन किया।

दिसंबर 2025 से मई 2026 तक उन्होंने करनाल में जिला व्यावहारिक प्रशिक्षण पूरा किया। रेवाड़ी में एएसपी का पदभार संभालने के बाद दीपिका अग्रवाल ने अपनी प्राथमिकताएं स्पष्ट कीं। उन्होंने कहा कि महिला सुरक्षा और उनके अधिकारों की रक्षा उनकी प्राथमिकता रहेगी। महिलाओं से संबंधित शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। साथ ही असामाजिक तत्वों पर शिकंजा कसकर जिले में कानून व्यवस्था को और मजबूत किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि शहर के साथ-साथ राजमार्गों पर यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाने के लिए विशेष योजना तैयार की जाएगी। यातायात नियमों के पालन पर भी विशेष ध्यान दिया जाएगा। उन्होंने पुलिस प्रशासन और आम जनता के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने पर जोर देते हुए कहा कि प्रभावी पुलिसिंग के लिए जनता का सहयोग बेहद जरूरी है। कार्यभार संभालने के बाद उन्होंने जिला पुलिस अधिकारियों के साथ व्यवस्थाओं को लेकर आवश्यक जानकारी भी ली।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला

Share this story