रेवाड़ी एसपी ने ड्यूटी पर शराब पीने वाले एएसआई को किया निलंबित

WhatsApp Channel Join Now
रेवाड़ी एसपी ने ड्यूटी पर शराब पीने वाले एएसआई को किया निलंबित


24 घंटे में चौथी कार्रवाई, धारूहेड़ा में तैनात एएसआई पर अभद्रता के आरोप

रेवाड़ी, 20 सितंबर (हि.स.)। रेवाड़ी पुलिस अधीक्षक हेमेंद्र कुमार मीणा ने पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई जारी रखते हुए एक और एएसआई को निलंबित किया है। धारूहेड़ा के सेक्टर-छह में तैनात एएसआई महेंद्र सिंह पर ड्यूटी के दौरान शराब पीकर अभद्रता करने के आरोप हैं। शिकायतें मिलने के बाद एसपी ने मामले को गंभीरता से लेते हुए एएसआई के खिलाफ निलंबन की कार्रवाई की।

पुलिस प्रवक्ता ने रविवार को बताया कि एएसआई महेंद्र सिंह की ड्यूटी गुरुग्राम-कापड़ीवास बॉर्डर क्षेत्र में रहती थी। ड्यूटी के दौरान उनके शराब पीकर अभद्र व्यवहार करने की शिकायतें पुलिस अधिकारियों तक पहुंच रही थीं। लगातार मिल रही शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक ने कार्रवाई की और एएसआई को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, पुलिसकर्मियों के ड्यूटी के दौरान अनुशासनहीनता और गलत आचरण को किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जाएगा। एसपी की ओर से पुलिस कर्मचारियों की कार्यप्रणाली पर निगरानी बढ़ाई गई है और शिकायतों के आधार पर कार्रवाई की जा रही है।

यह कार्रवाई रेवाड़ी एसपी की ओर से पिछले 24 घंटे के दौरान की गई चौथी निलंबन कार्रवाई बताई जा रही है।

इससे पहले मॉडल टाउन थाने के मुंशी हेड कांस्टेबल दिनेश, सीआईए रेवाड़ी के हेड कांस्टेबल रमेश और विजय को भी निलंबित किया गया था। इन पुलिसकर्मियों पर काम में गड़बड़ी करने और गलत गतिविधियों में शामिल होने के आरोप लगे थे। लगातार हो रही इन कार्रवाइयों से पुलिस विभाग में हड़कंप की स्थिति है। एसपी ने पुलिसकर्मियों को ड्यूटी के दौरान अनुशासन बनाए रखने और अपने कर्तव्यों का जिम्मेदारी से पालन करने के निर्देश दिए हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला

Share this story