रेवाड़ी में शराब के नशे में मिला रोडवेज बस चालक, यात्रियों में मचा हड़कंप

WhatsApp Channel Join Now
रेवाड़ी में शराब के नशे में मिला रोडवेज बस चालक, यात्रियों में मचा हड़कंप


रेवाड़ी, 20 फ़रवरी (हि.स.)। रेवाड़ी में शुक्रवार को रेवाड़ी डिपो की किलोमीटर स्कीम बस का चालक शराब के नशे में पाया गया। बस राजस्थान के सरदार शहर से दिल्ली जा रही थी। रेवाड़ी बस स्टैंड के एंट्री गेट पर प्राइवेट बस चालक के साथ हुए विवाद से इसका खुलासा हुआ। जिससे बस में सवार यात्रियों में हड़कंप मच गया। मौके पर पहुंची ट्रैफिक पुलिस ने जांच की। जिसके बाद पुलिस ने बस को इंपाउंड कर दिया। बस में सवार यात्रियों को दूसरी बस में सवार कर रवाना किया गया।

मिली जानकारी के अनुसार शुक्रवार दोपहर को राजस्थान के सरदार शहर से रोडवेज की स्कीम बस दिल्ली जा रही थी। चालक बस को बस स्टैंड के एंट्री गेट से बाहर निकाल रहा था। इसी दौरान सामने से एक प्राइवेट बस आ गई। प्राइवेट बस चालक ने जब बस को वापस करने के लिए कहा, तो किलोमीटर स्कीम बस के चालक ने मना कर दिया और गालियां देने लगा, जिससे दोनों में विवाद हो गया। इसी दौरान पुलिस मौके पर पहुंची। प्राइवेट बस चालक ने किलोमीटर स्कीम बस चालक पर शराब के नशे में होने का आरोप लगाया। जांच करने पर एल्कोहल मशीन ने इसकी पुष्टि कर दी। ट्रैफिक इंजार्च बलवंत सिंह ने बताया कि एल्कोहल मशीन में शराब की पुष्टि होने के बाद चालक का चालान किया गया। जांच के दौरान उसके पास दस्तावेज भी पूरे नहीं मिले, जिसके बाद बस को इंपाउंड कर दिया गया है। यात्रियों को दूसरी बस से रवाना किया गया है। उन्होंने कहा कि चालक का लाइसेंस रद्द करने के लिए आरटीए विभाग को लिखा जाएगा।

हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला

Share this story