रेवाड़ी-नारनौल रेलवे स्टेशनों पर यात्री सुविधाओं की एआई रखेगा नजर

WhatsApp Channel Join Now
रेवाड़ी-नारनौल रेलवे स्टेशनों पर यात्री सुविधाओं की एआई रखेगा नजर


रेवाड़ी, 15 अक्टूबर (हि.स.)। उत्तर पश्चिम रेलवे के जयपुर मंडल ने रेलवे स्टेशनों पर सफाई, पेयजल, लाइट और यात्री सुविधाओं से जुड़ी शिकायतों के त्वरित समाधान के लिए आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) आधारित ‘सारथी’ पोर्टल विकसित किया है। इस डिजिटल व्यवस्था के माध्यम से शिकायत दर्ज होने से लेकर उसके समाधान और मौके पर सत्यापन तक की पूरी प्रक्रिया पर निगरानी रखी जाएगी। शुरुआती चरण में रेवाड़ी और नारनौल रेलवे स्टेशनों पर इसे लागू किया जाएगा।

जयपुर मंडल के वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक भूपेश यादव ने गुरुवार को बताया कि यात्रियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने और स्टेशन स्तर पर समस्याओं के निस्तारण में तेजी लाने के उद्देश्य से यह पहल की गई है। पोर्टल पर शिकायत दर्ज होते ही उसकी ट्रैकिंग शुरू हो जाएगी। प्रत्येक शिकायत के समाधान के लिए समय सीमा निर्धारित की जाएगी, ताकि संबंधित अधिकारी तय अवधि में कार्रवाई सुनिश्चित कर सकें।

उन्होंने बताया कि निर्धारित समय में शिकायत का समाधान नहीं होने पर मामला स्वचालित रूप से उच्च अधिकारियों तक पहुंच जाएगा। इसके साथ ही संबंधित अधिकारियों के मोबाइल पर अलर्ट भी भेजा जाएगा। शिकायत का निस्तारण होने के बाद मौके पर उसका सत्यापन किया जाएगा। सत्यापन के बाद ही शिकायत को बंद किया जा सकेगा।

इससे शिकायतों के निस्तारण में जवाबदेही सुनिश्चित करने में मदद मिलेगी। सारथी पोर्टल का इंटेलिजेंस मॉड्यूल बार-बार सामने आने वाली समस्याओं, जोखिम वाले क्षेत्रों और समाधान में होने वाली देरी के पैटर्न की पहचान करेगा। इसके आधार पर रेलवे प्रशासन पहले से रखरखाव की योजना तैयार कर सकेगा, जिससे एक ही समस्या की पुनरावृत्ति रोकने और स्थायी समाधान करने पर जोर दिया जाएगा। रेवाड़ी और नारनौल के बाद जयपुर मंडल के अंतर्गत हरियाणा के बावल, करनावास, अनाजमंडी, खोरी, पाली, कुंड, अटेली, मिर्जापुर बाछौद, अमरपुर जौरासी और निजामपुर सहित अन्य स्टेशनों पर भी इस व्यवस्था को लागू करने की योजना है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

761457 Articles

Share this story