रेवाड़ी से हिसार तक रेल यात्रियों को मिलेगी अतिरिक्त सुविधा, बढ़ेंगे 33 डिब्बे

WhatsApp Channel Join Now
रेवाड़ी से हिसार तक रेल यात्रियों को मिलेगी अतिरिक्त सुविधा, बढ़ेंगे 33 डिब्बे


रेवाड़ी, 28 अक्टूबर (हि.स.)। त्योहारी सीजन में बढ़ते यात्रीभार को देखते हुए रेलवे ने नवंबर में 11 जोड़ी ट्रेनों में 33 अतिरिक्त डिब्बे अस्थायी रूप से लगाने का निर्णय लिया है। इससे रेवाड़ी, चरखी दादरी, भिवानी, हिसार और महेंद्रगढ़ क्षेत्र के यात्रियों को लाभ मिलेगा। ट्रेनों में एसी, शयनयान और साधारण श्रेणी के डिब्बों की संख्या बढ़ाई जाएगी। इसके साथ ही दो रेलसेवाओं के संचालन समय में भी बदलाव किया गया है।

उत्तर पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी अमित सुदर्शन ने बुधधार काे बताया कि यात्रियों की सुविधा के लिए विभिन्न रेलसेवाओं में अतिरिक्त डिब्बों की व्यवस्था की जा रही है। गाड़ी संख्या 19611/19614 और 19613/19612 अजमेर-अमृतसर रेलसेवाओं में एक-एक द्वितीय शयनयान श्रेणी का अतिरिक्त डिब्बा लगाया जाएगा। बीकानेर-दिल्ली सराय रेलसेवा संख्या 22464/22463 और दिल्ली सराय-जोधपुर रेलसेवा संख्या 12463/12464 में थर्ड एसी, शयनयान और साधारण श्रेणी के एक-एक अतिरिक्त डिब्बे लगेंगे।

रेवाड़ी-रींगस रेलसेवा संख्या 59633/59634 और रेवाड़ी-फुलेरा रेलसेवा संख्या 19622/19621 में पांच-पांच साधारण श्रेणी के अतिरिक्त डिब्बे लगाए जाएंगे। भिवानी-मथुरा रेलसेवा संख्या 14725/14726 और मथुरा-सवाई माधोपुर रेलसेवा संख्या 54794/54793 में तीन-तीन अतिरिक्त साधारण डिब्बे लगेंगे। हिसार-जयपुर रेलसेवा संख्या 14715/14716 में चार तथा जयपुर-बठिंडा रेलसेवा संख्या 14734/14733 में भी चार अतिरिक्त साधारण डिब्बे लगाए जाएंगे। साबरमती-नई दिल्ली रेलसेवा में एक अतिरिक्त थर्ड एसी डिब्बा लगाया जाएगा। गोंडा-दौराई एक्सप्रेस की संशोधित समय-सारणी पांच जनवरी 2027 से लागू होगी। वहीं, दिल्ली-सातरोड रेलसेवा का दिल्ली से प्रस्थान सुबह 6:35 बजे से होगा। रेवाड़ी, गुरुग्राम, कोसली, चरखी दादरी और भिवानी सहित कई स्टेशनों पर समय में आंशिक बदलाव किया गया है। यात्रियों को सफर से पहले संशोधित समय-सारणी जांचने की सलाह दी गई है।

हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

768503 Articles

Share this story