रेवाड़ी: यात्रियों की सुविधा के लिए ट्रेनों में बढ़ेंगे अतिरिक्त डिब्बे

WhatsApp Channel Join Now
रेवाड़ी: यात्रियों की सुविधा के लिए ट्रेनों में बढ़ेंगे अतिरिक्त डिब्बे


रेवाड़ी, 13 अक्टूबर (हि.स.)। त्योहारों और यात्रियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए उत्तर पश्चिम रेलवे ने रेवाड़ी होकर गुजरने वाली पांच जोड़ी ट्रेनों में अस्थायी रूप से अतिरिक्त डिब्बे लगाने का निर्णय लिया है। रेलवे की इस व्यवस्था से यात्रियों को सफर के दौरान सीटों की उपलब्धता बढ़ने और भीड़ से राहत मिलने की उम्मीद है। इन ट्रेनों में द्वितीय शयनयान और साधारण श्रेणी के डिब्बे जोड़े जाएंगे।

उत्तर पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी अमित सुदर्शन ने मंगलवार को बताया कि ट्रेन नंबर 19611/19614 अजमेर-अमृतसर-अजमेर में अजमेर से 17 से 31 अक्टूबर तक और अमृतसर से 18 अक्टूबर से एक नवंबर तक एक द्वितीय शयनयान श्रेणी का अतिरिक्त डिब्बा लगाया जाएगा।

इसी तरह ट्रेन नंबर 19613/19612 अजमेर-अमृतसर-अजमेर में भी अजमेर से 17 से 31 अक्टूबर तक तथा अमृतसर से 18 अक्टूबर से एक नवंबर तक एक द्वितीय शयनयान श्रेणी का डिब्बा बढ़ाया गया है।

ट्रेन नंबर 19625/19626 अजमेर-बांद्रा टर्मिनस-अजमेर में अजमेर से 18 अक्टूबर और बांद्रा टर्मिनस से 19 अक्टूबर को एक-एक ट्रिप के लिए एक अतिरिक्त द्वितीय शयनयान श्रेणी का डिब्बा लगाया जाएगा। रेलवे के अनुसार, ट्रेन नंबर 14801/14802 जोधपुर-इंदौर-जोधपुर में जोधपुर से 16 से 31 अक्टूबर तक और इंदौर से तीन नवंबर तक दो द्वितीय शयनयान तथा तीन साधारण श्रेणी के अतिरिक्त डिब्बे लगाए जाएंगे। यह ट्रेन रेवाड़ी जंक्शन होकर गुजरती है, जिससे यहां के यात्रियों को भी सुविधा मिलेगी।

रेलवे की ओर से अतिरिक्त डिब्बे लगाने की यह व्यवस्था अस्थायी रूप से की जा रही है। इसका उद्देश्य बढ़ती यात्री संख्या के अनुसार ट्रेनों में उपलब्ध क्षमता बढ़ाना और यात्रियों की यात्रा को अधिक सुविधाजनक बनाना है। यात्रियों को सलाह दी जाती है कि यात्रा से पहले संबंधित ट्रेन की समय-सारणी और डिब्बों की उपलब्धता की जानकारी रेलवे के आधिकारिक माध्यमों से जांच लें।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

760017 Articles

Share this story