रेलवे ने दो जोड़ी ट्रेनों में बढ़ाए अतिरिक्त डिब्बे

WhatsApp Channel Join Now
रेलवे ने दो जोड़ी ट्रेनों में बढ़ाए अतिरिक्त डिब्बे


रेवाड़ी, 03 नवंबर (हि.स.)। त्योहारों और अन्य कारणों से बढ़ते यात्रीभार को देखते हुए रेलवे ने दो जोड़ी रेलसेवाओं में अस्थायी रूप से एक-एक साधारण श्रेणी का अतिरिक्त डिब्बा लगाने का निर्णय लिया है। इस फैसले से रेवाड़ी, नारनौल, गुरुग्राम सहित राजस्थान के विभिन्न जिलों के यात्रियों को राहत मिलने की उम्मीद है। अतिरिक्त डिब्बे लगने से ट्रेनों में यात्रियों को अधिक सीटें उपलब्ध हो सकेंगी।

उत्तर पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी अमित सुदर्शन ने मंगलवार को बताया कि अतिरिक्त डिब्बों की व्यवस्था नवंबर से दिसंबर तक निर्धारित अवधि के लिए लागू रहेगी। यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए यह निर्णय लिया गया है। रेलवे के अनुसार, गाड़ी संख्या 22471/22472 लालगढ़-दिल्ली सराय-लालगढ़ एक्सप्रेस में लालगढ़ से 10 नवंबर से 30 नवंबर तक एक अतिरिक्त साधारण श्रेणी का डिब्बा लगाया जाएगा। वहीं, दिल्ली सराय से भी निर्धारित अवधि में अतिरिक्त डिब्बे की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी।

इसी प्रकार गाड़ी संख्या 20473/20474 दिल्ली सराय-उदयपुर सिटी-दिल्ली सराय एक्सप्रेस में दिल्ली सराय से 10 नवंबर से 30 नवंबर तक अतिरिक्त साधारण श्रेणी का डिब्बा लगाया जाएगा। जबकि उदयपुर सिटी से इस ट्रेन में 11 नवंबर से एक दिसंबर तक अतिरिक्त डिब्बे की सुविधा मिलेगी।

रेलवे के इस फैसले से त्योहारों के दौरान ट्रेनों में बढ़ने वाली भीड़ को नियंत्रित करने में मदद मिलेगी। साधारण श्रेणी में सफर करने वाले यात्रियों को अतिरिक्त सीटें उपलब्ध होने से राहत मिलने की संभावना है। विशेषकर दिल्ली, रेवाड़ी, नारनौल और राजस्थान के विभिन्न शहरों के बीच यात्रा करने वाले यात्रियों को इसका लाभ मिलेगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

771628 Articles

Share this story