रेवाड़ी में 1.89 करोड़ की डिजिटल अरेस्ट ठगी में एक और आरोपी गिरफ्तार

WhatsApp Channel Join Now
रेवाड़ी में 1.89 करोड़ की डिजिटल अरेस्ट ठगी में एक और आरोपी गिरफ्तार


रेवाड़ी, 08 नवंबर (हि.स.)। जिले के धारूहेड़ा निवासी सेवानिवृत्त कर्मचारी और उसकी पत्नी को डिजिटल अरेस्ट कर एक करोड़ 89 लाख 28 हजार रुपये की ठगी करने के मामले में साइबर क्राइम थाना पुलिस ने एक और आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान उत्तराखंड के पिथौरागढ़ जिले के गांव खाती निवासी पवन सिंह उपरारी के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार आरोपी ने साइबर ठगों को बैंक खाते उपलब्ध कराने में मध्यस्थ की भूमिका निभाई थी। अदालत में पेश करने के बाद उसे चार दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है।

पुलिस प्रवक्ता ने रविवार को बताया कि धारूहेड़ा निवासी सेवानिवृत्त कर्मचारी राजपाल सिंह ने 22 अप्रैल को शिकायत दी थी कि 27 और 28 फरवरी को उसके पास अनजान नंबरों से फोन आए। फोन करने वालों ने खुद को ट्राई और सीबीआई से जुड़ा अधिकारी बताकर सिम बंद होने, मुंबई में एफआईआर दर्ज होने और मनी लॉन्ड्रिंग केस में फंसाने की धमकी दी। इसके बाद आरोपियों ने उसे और उसकी पत्नी को डिजिटल अरेस्ट करने की बात कहकर घर में ही रहने और किसी से संपर्क नहीं करने के निर्देश दिए।

आरोपियों ने तीन मार्च से 20 अप्रैल तक अलग-अलग बैंक खातों में कुल एक कराेड 89 हजार रुपये ट्रांसफर करा लिए। ठगों ने राजपाल के मोबाइल में एक एप भी डाउनलोड कराया था, जिसके जरिए उसकी निगरानी की जाती थी। एप पर ऑनलाइन पुलिसकर्मी, हथियार, कोर्ट और जज दिखाकर उसे कार्रवाई का डर दिखाया गया। फर्जी जज ने प्रॉपर्टी वेरिफिकेशन के नाम पर संपत्ति बेचकर 70 प्रतिशत राशि सरकारी खजाने में जमा कराने का दबाव भी बनाया था।

पुलिस के अनुसार इस मामले में पवन समेत अब तक 15 आरोपी गिरफ्तार हो चुके हैं। ठगी की रकम में से चार लाख 73 हजार रुपये बरामद किए जा चुके हैं। पुलिस मामले में आगे की जांच कर रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

774177 Articles

Share this story