रेवाड़ी में फर्जी सेकेंडरी सर्टिफिकेट मामले में आरोपी गिरफ्तार

WhatsApp Channel Join Now
रेवाड़ी में फर्जी सेकेंडरी सर्टिफिकेट मामले में आरोपी गिरफ्तार


पुलिस ने आरोपी को रिमांड पर लिया

रेवाड़ी, 24 सितंबर (हि.स.)। जिले की कोसली पुलिस ने कोरोना काल में विद्यार्थियों को स्कूलों में दाखिला लेने और सीनियर सेकेंडरी परीक्षा में बैठने के लिए फर्जी सेकेंडरी सर्टिफिकेट उपलब्ध कराने के मामले में एक और आरोपी को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ निवासी राजमान गौड़ के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश कर चार दिन के पुलिस रिमांड पर लिया है। इस मामले में पुलिस अब तक 13 आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है।

पुलिस प्रवक्ता ने गुरुवार को बताया कि कोविड काल के दौरान हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड, भिवानी में सीनियर सेकेंडरी परीक्षा में अपीयर होने वाले कुछ विद्यार्थियों के पात्रता प्रमाणपत्र फर्जी पाए गए थे। जांच में सामने आया कि प्रदेश के 92 स्कूलों के 129 विद्यार्थियों ने सीनियर सेकेंडरी परीक्षा में बैठने के लिए फर्जी सेकेंडरी सर्टिफिकेट प्रस्तुत किए थे। इसके बाद बोर्ड सचिव की शिकायत पर एडीजीपी क्राइम के निर्देश पर प्रदेश के अलग-अलग थानों में जालसाजी के मामले दर्ज किए गए।

कोसली थाने में इस संबंध में 10 अगस्त 2022 को केस दर्ज किया गया था। जांच के दौरान रेवाड़ी जिले में फर्जी प्रमाणपत्र के आधार पर परीक्षा पास करने वाले 19 विद्यार्थियों की जानकारी सामने आई। इसके बाद पुलिस ने इन विद्यार्थियों को फर्जी प्रमाणपत्र उपलब्ध कराने वाले लोगों की तलाश शुरू की। पुलिस इस मामले में पहले ही 13 आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है। अब राजमान गौड़ की गिरफ्तारी की गई है। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर फर्जी प्रमाणपत्र उपलब्ध कराने वाले नेटवर्क और उससे जुड़े अन्य लोगों के बारे में जानकारी जुटा रही है। पुलिस के अनुसार मामले की जांच और आरोपियों की गिरफ्तारी का सिलसिला जारी है।

हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला

Share this story