रेवाड़ी में बनेंगे तीन नए 33 केवी सब स्टेशन, 50 गांवों को मिलेगी राहत

WhatsApp Channel Join Now

जखाला, भगवानपुर और गंगायचा जाट में शुरू हुई टेंडर प्रक्रिया, लो-वोल्टेज, ट्रिपिंग और बिजली कटौती की समस्या होगी कम

रेवाड़ी, 23 जुलाई (हि.स.)। दक्षिणी हरियाणा बिजली वितरण निगम (डीएचबीवीएन) जिले के जखाला, भगवानपुर और गंगायचा जाट गांवों में नए 33 केवी सब स्टेशन स्थापित करेगा। इन तीनों सब स्टेशनों के निर्माण के लिए निगम ने टेंडर प्रक्रिया शुरू कर दी है। विभाग का दावा है कि परियोजना पूरी होने के बाद 50 से अधिक गांवों के उपभोक्ताओं को बेहतर और निर्बाध बिजली आपूर्ति का लाभ मिलेगा।

डीएचबीवीएन के एसडीओ (कंस्ट्रक्शन) विनोद अग्रवाल ने गुरुवार को बताया कि तीनों सब स्टेशनों के निर्माण के लिए निविदाएं जारी कर दी गई हैं। टेंडर प्रक्रिया पूरी होते ही निर्माण कार्य शुरू करा दिया जाएगा, ताकि क्षेत्र के लोगों को जल्द राहत मिल सके।

विभागीय अधिकारियों के अनुसार पिछले कुछ वर्षों में आबादी बढ़ने के साथ कृषि और औद्योगिक गतिविधियों में भी तेजी आई है। इसके कारण मौजूदा सब स्टेशनों पर बिजली का लोड काफी बढ़ गया है। विशेषकर गर्मी और सिंचाई के मौसम में जखाला, भगवानपुर और गंगायचा जाट क्षेत्र के गांवों में लो-वोल्टेज, बार-बार ट्रिपिंग और बिजली कटौती की शिकायतें लगातार सामने आती रही हैं।

नए 33 केवी सब स्टेशन बनने से बिजली लोड का बेहतर वितरण होगा। इससे ट्रांसफार्मरों पर दबाव कम पड़ेगा, फाल्ट की घटनाओं में कमी आएगी और बिजली आपूर्ति अधिक स्थिर व गुणवत्तापूर्ण होगी। साथ ही रखरखाव कार्य भी पहले की तुलना में अधिक सुगमता से किया जा सकेगा।

निगम की ओर से जारी टेंडर में सब स्टेशन भवन, ट्रांसफार्मर, फीडर, विद्युत उपकरणों की स्थापना तथा अन्य आवश्यक आधारभूत संरचना का निर्माण शामिल है। विभाग का लक्ष्य जुलाई के अंत तक टेंडर प्रक्रिया पूरी कर निर्माण कार्य शुरू करना है, जिससे आसपास के दर्जनों गांवों के घरेलू उपभोक्ताओं, किसानों और छोटे उद्योगों को सीधा लाभ मिल सके।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला

Share this story