सिरसा: सरदार पटेल के आदर्शों को जीवन में आत्मसात करें पुलिसकर्मी: एसपी दीपक सहारण
सिरसा, 31 अक्टूबर (हि.स.)। सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती जिला पुलिस की ओर से राष्ट्रीय एकता दिवस के रूप में मनाई गई। सिरसा के पुलिस लाइन में शनिवार को शपथ ग्रहण समारोह आयोजित किया गया। पुलिस अधीक्षक दीपक सहारन ने पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को देश की एकता, अखंडता और सुरक्षा बनाए रखने की शपथ दिलाई। सभी पुलिसकर्मियों ने राष्ट्र की आंतरिक सुरक्षा सुनिश्चित करने तथा पूरी निष्ठा और ईमानदारी से अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने का संकल्प लिया।
एसपी दीपक सहारण ने कहा कि सरदार वल्लभभाई पटेल एक सशक्त, संगठित और आत्मनिर्भर भारत के शिल्पकार थे। उन्होंने विपरीत परिस्थितियों में भी सैकड़ों रियासतों का एकीकरण कर देश को एक सूत्र में पिरोने का ऐतिहासिक कार्य किया। उनका जीवन त्याग, दृढ़ इच्छाशक्ति, अनुशासन और राष्ट्रभक्ति की मिसाल है।
उधर, डबवाली पुलिस द्वारा सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती के अवसर पर गांव गोरीवाला में नशे के खिलाफ जागरूकता फैलाने और एकता का संदेश देने के उद्देश्य से रन फॉर यूनिटी दौड़ का आयोजन किया गया। डबवाली की पुलिस अधीक्षक जसलीन कौर ने कहा कि सरदार वल्लभभाई पटेल ने देश की एकता और अखंडता को मजबूत करने में अहम भूमिका निभाई।
एसडीएम योगेश दिलहोर ने कहा कि नशा समाज और युवा पीढ़ी के भविष्य के लिए गंभीर चुनौती है। इसके खिलाफ केवल प्रशासन ही नहीं, बल्कि समाज के प्रत्येक व्यक्ति को अपनी जिम्मेदारी निभानी होगी। युवाओं को नशे से दूर रहकर शिक्षा, खेल और रचनात्मक गतिविधियों में भाग लेना चाहिए। उन्होंने कहा कि जागरूकता और सामूहिक प्रयासों से ही नशामुक्त समाज का निर्माण संभव है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Dinesh Chand Sharma

