डिफाल्टर जन सूचना अधिकारियों के वेतन से कटेगा जुर्माना

WhatsApp Channel Join Now

चंडीगढ़, 27 मई (हि.स.)। हरियाणा देश का पहला राज्य बन गया है, जहां आरटीआई मामलों में डिफाल्टर जन सूचना अधिकारियों से जुर्माना राशि सीधे वेतन और पेंशन से वसूलने का सख्त मैकेनिज्म लागू किया गया है। जस्टिस हरपाल वर्मा की सख्ती और आरटीआई एक्टिविस्ट पीपी कपूर की छह साल लंबी कानूनी लड़ाई के बाद यह ऐतिहासिक फैसला लागू हुआ। इस दौरान लोकायुक्त जस्टिस हरिपाल वर्मा ने कई आदेश ऑर्डर किए और चीफ सेक्रेटरी के स्तर पर कई बार उच्च अधिकारियों की मीटिंग हुई। लोकायुक्त ने तीन माह के अंदर इस मामले में की गई कारवाई की रिपोर्ट भी तलब की है।

आरटीआई एक्टिविस्ट पीपी कपूर ने छह वर्ष पूर्व 21 जुलाई 2020 को लोकायुक्त कोर्ट में याचिका दायर कर आरोप लगाया था कि प्रदेश के अधिकांश जन सूचना अधिकारी न तो सूचना देते हैं और न ही राज्य सूचना आयोग द्वारा लगाई गई जुर्माना राशि जमा कराते हैं। याचिका द्वारा ऐसे कुल 1726 डिफाल्टर जन सूचना अधिकारियों से 2.27 करोड़ रुपये की बकाया जुर्माना राशि वसूली की मांग की थी।

अब सरकार द्वारा जुर्माना राशि वसूली के लिए बनाए गए मैकेनिज्म के तहत सभी डिफाल्टर जन सूचना अधिकारियों की सूची वेबसाइट पर अपलोड की जाएगी। राज्य सूचना आयोग हर तिमाही पर डिफाल्टर जन सूचना अधिकारियों की लिस्ट संबंधित विभाग के मुखिया को देगा। जुर्माना राशि दोषी कर्मचारियों के वेतन व पेंशन से समयबद्ध तरीके से कटेगी। जुर्माना राशि वसूली के लिए सरकार ने सभी प्रशासनिक सचिवों व विभागाध्यक्षों को स्पष्ट व सख्त आदेश जारी किए हैं। इन्हें यह जुर्माना राशि वसूल करके रिपोर्ट हर माह राज्य सूचना आयोग में पेश करनी होगी।

पंचायत विभाग पर सबसे ज्यादा जुर्माना राशि

लोकायुक्त को दी रिपोर्ट में सरकार ने बताया है कि पंचायत विभाग के जन सूचना अधिकारियों की ओर कुल 1,34,86,833 रुपये, शिक्षा विभाग( डीएसई) 22,77,276 रूपये,रेवेन्यू विभाग 14,76,500 रुपये, शहरी निकाय विभाग 80,96,381 रुपये सहित कुल 16 विभागों के डिफॉल्टर जन सूचना अधिकारियों की ओर कुल 2,94,87,657 रुपये की जुर्माना राशि बकाया है। कपूर ने बताया कि जुर्माना राशि वसूली का यह मैकेनिज्म बनाने और लागू करने वाला हरियाणा पहला राज्य पूरे देश में बन गया है। जुर्माना राशि वसूली से सरकार को राजस्व मिलेगा और डिफॉल्टर जन सूचना अधिकारियों पर लगाम कसेगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा

Share this story