हिसार: रोडवेज सांझा संघर्ष समिति ने आरटीए पर लगाया मनमानी का आरोप

WhatsApp Channel Join Now
हिसार: रोडवेज सांझा संघर्ष समिति ने आरटीए पर लगाया मनमानी का आरोप


समिति ने दे डाली चक्का जाम की चेतावनी

हिसार, 16 अप्रैल (हि.स.)। रोडवेज की हिसार डिपो

सांझा संघर्ष समिति ने हिसार के आरटीए पर मनमानी करने का आरोप लगाते हुए आंदोलन की

चेतावनी दी है। इस संबंधमें समिति ने डिपो महाप्रबंधक को ज्ञापन सौंपा गया। बैठक में हिसार डिपो नेताओं ने गुरुवार काे बताया कि सचिव,

प्रादेशिक परिवहन प्राधिकरण, हिसार कार्यालय द्वारा गत 7 अप्रैल को हिसार से दिल्ली

मार्ग की नई समय सारणी जारी की गई है।

संघर्ष समिति ने आरोप लगाया कि सिरसा, फतेहाबाद,

रोहतक, झज्जर, हिसार, दिल्ली व फरीदाबाद के किसी भी महाप्रबंधक से विचार विमर्श किए

बिना ही यह समय सारणी जारी कर दी गई। साथ ही इस बारे में पंजाब और राजस्थान रोडवेज

विभाग को भी कोई सूचना नहीं दी गई।

संघर्ष समिति ने आरोप लगाया कि आरटीए हिसार द्वारा

प्राइवेट बस ऑपरेटरों से मिलीभगत कर निजी लाभ के लिए जनहित विभाग को बेचा जा रहा है।

हिसार-उकलाना, भूना, टोहाना, नरवाना मार्ग पर दो-दो बसों के समय के बावजूद प्राइवेट

ऑपरेटर आरटीए हिसार से मिलीभगत कर दो की जगह एक ही गाड़ी का संचालन करवा रहे हैं, जिससे

आमजन, महिला, बुजुर्ग, छात्र-छात्राओं को परेशानी हो रही है। उन्होंने बताया कि सरकार

के आदेशानुसार यदि प्राइवेट ऑपरेटर की बस में पॉलिसी हिदायत अनुसार छात्रों/सीनियर

सिटीजन को रियायती दरों पर यात्रा न करवाने या फेरों की संख्या लगातार कम करने पर परमिट

रद्द किया जाना है लेकिन आरटीए हिसार द्वारा सरकारी आदेशों की अवहेलना की जा रही है।

हिसार-तोशाम मार्ग पर भी रोडवेज की बसों के फेरे प्राइवेट ऑपरेटर से मिलीभगत कर कम

कर दिए गए हैं।

रोडवेज नेताओं ने बताया कि इस मामले को लेकर

रोडवेज के राज्य सांझा मोर्चा की बीती रात बैठक हुई, जिसमें फैसला लिया गया है कि यदि

आरटीए हिसार अपने तानाशाही रवैये से नहीं हटते हैं और नई समय सारणी को परिवहन विभाग

पर थोपने की कोशिश करते हैं तो रोडवेज विभाग की सभी यूनियनें उसी समय रोडवेज विभाग

का चक्का जाम करेंगी। इसकी पूर्ण रूप से जिम्मेवारी आरटीए हिसार और हिसार प्रशासन की

होगी।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर

Share this story