रोहतक अग्निकांड: राज्यपाल ने किया ₹2-2 लाख की अनुग्रह राशि का ऐलान

WhatsApp Channel Join Now

चंडीगढ़, 11 जून (हि.स.)। हरियाणा के राज्यपाल प्राे.असीम कुमार घोष ने रोहतक के डी-पार्क मार्केट क्षेत्र में आग लगने की दुखद घटना में जान गंवाने वाले लोगों के परिजनों को 2-2 लाख रुपये की अनुग्रह सहायता राशि प्रदान करने की घोषणा की है।

इस घटना पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए राज्यपाल प्रो. असीम कुमार घोष ने शोक-संतप्त परिवारों के प्रति अपनी संवेदनाएं प्रकट कीं तथा दिवंगत आत्माओं की शांति के लिए प्रार्थना की। उन्होंने घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की भी कामना की। राज्यपाल ने उपायुक्त, रोहतक को घटना से हुए नुकसान का विस्तृत आकलन कर अति शीघ्र रिपोर्ट तैयार कर सरकार को भेजने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रभावित लोगों को आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने के लिए जिला प्रशासन तत्परता से कार्य करे। असीम कुमार घोष ने जिला प्रशासन को यह भी निर्देश दिए कि घटना में घायल हुए सभी लोगों को सरकारी अस्पतालों में निःशुल्क चिकित्सा सुविधा सुनिश्चित की जाए।उल्लेखनीय है कि नौ जून को रोहतक के सबसे पुराने एवं व्यस्त बाजार क्षेत्रों में से एक डी-पार्क मार्केट में लगी भीषण आग की घटना में तीन लोगों की मृत्यु हो गई तथा अनेक दुकानें जलकर क्षतिग्रस्त हो गईं थीं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा

Share this story