रोहित धनखड़ हत्याकांड : आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए निकाला मार्च

WhatsApp Channel Join Now
रोहित धनखड़ हत्याकांड : आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए निकाला मार्च


लघु सचिवालय के बाहर धरने पर बैठे प्रदर्शनकारी

एसपी बोले, फरार आरोपियों को भगोड़ा घोषित कराने की प्रक्रिया होगी शुरू

रोहतक, 05 अगस्त (हि.स.)। अंतरराष्ट्रीय बॉडी बिल्डर एवं छह बार के राष्ट्रीय स्वर्ण पदक विजेता रोहित धनखड़ हत्याकांड में फरार चल रहे आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर बुधवार को रोहित धनखड़ न्याय समिति के आह्वान पर मानसरोवर पार्क में पंचायत हुई। इसमें विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों के अलावा ग्रामीण और खाप प्रतिनिधि शामिल हुए।

पंचायत के बाद प्रदर्शनकारियों ने न्याय मार्च निकाला और पुलिस अधीक्षक कार्यालय की तरफ कूच किया। प्रदर्शनकारियों को लघु सचिवालय के मुख्य गेट पर पुलिस ने रोक दिया। इसके बाद वे वहीं धरने पर बैठ गए। रोहित धनखड़ की मां ने एसपी से मिलने की मांग करते हुए कहा कि वह बिना मिले वापस नहीं जाएंगी। उन्होंने कहा कि प्रशासन की ओर से लगातार आश्वासन दिए जा रहे हैं, लेकिन मामले में अभी तक सभी आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हुई है। बाद में पुलिस अधीक्षक गौरव राजपुरोहित स्वयं लघु सचिवालय के बाहर पहुंचे और रोहित की मां तथा प्रतिनिधिमंडल से बातचीत की। उन्होंने कहा कि मामले में शेष आरोपियों की पहचान हो चुकी है और उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।

एसपी ने 15 दिन के भीतर शेष आरोपियों को गिरफ्तार करने का आश्वासन दिया। एसपी ने पत्रकारों को बताया कि फरार आरोपियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। उन्हें भगोड़ा घोषित कराने की कानूनी प्रक्रिया शुरू की जाएगी और जरूरत पड़ने पर उनकी संपत्ति कुर्क करने की कार्रवाई भी की जाएगी। एसपी के आश्वासन के बाद पंचायत प्रतिनिधियों ने कहा कि प्रशासन को 15 दिन का समय दिया गया है। इस अवधि में गिरफ्तारी नहीं होने पर प्रदेश स्तर पर बड़ा आंदोलन किया जाएगा और सर्वखाप पंचायत बुलाकर आगामी रणनीति तय की जाएगी। प्रतिनिधियों ने कहा कि रोहित धनखड़ को न्याय मिलने तक संघर्ष जारी रहेगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अनिल

Share this story