यमुनानगर: नाै जुलाई को रोडवेज का होगा पहिया जाम: महिपाल सौदे

WhatsApp Channel Join Now
यमुनानगर: नाै जुलाई को रोडवेज का होगा पहिया जाम: महिपाल सौदे


यमुनानगर, 5 जुलाई (हि.स.)। ट्रेड यूनियनयों के आह्वान पर नाै जुलाई को होने वाली राष्ट्रव्यापी हड़ताल की तैयारियों को लेकर हरियाणा रोडवेज वर्कर्स यूनियन हरियाणा की एक महत्वपूर्ण बैठक यूनियन कार्यालय में हुई। जिला प्रधान महिपाल सौदे ने बैठक में शनिवार को बताया कि हरियाणा रोडवेज के कर्मचारियों की लंबित मांगो को लेकर सरकार व प्रशासनिक अधिकारियों के साथ कई दौर की वार्ता हुई, लेकिन सरकार द्वारा कर्मचारियों की मांगों का समाधान करने की बजाए रोडवेज के आंदोलन का दमन किया जा रहा है। जिस कारण से कर्मचारियों में भारी रोष है।

उन्होंने बताया कि 9 जुलाई की हड़ताल में साँझा मोर्चा भी बढ़चढ़कर भागेदारी करके एक दिन के लिए सरकारी बसों का चक्का जाम किया जाएगा।

सर्व कर्मचारी संघ हरियाणा के जिला सचिव गुलशन भारद्वाज ने कहा कि अतिशीघ्र आठवें वेतन आयोग का गठन करने और जब तक आठवां वेतन आयोग लागू नही किया जाता तब तक सभी कर्मचारियों को बढ़ती हुई महंगाई के अनुसार पांच हजार रूपये अंतरिम राहत के रूप मे देना,आठवे वेतन आयोग से पहले सातवें वेतन आयोग की विसंगतिया दुरुस्त करना, पुरानी पेंशन बहाल करना,हटाए गए कौशल के सभी कर्मचारियों को वापिस लेते हुए नियमितीकरण की पॉलिसी बना कर सभी तरह के कच्चे कर्मचारियों को पक्का करना,परियोजना कर्मियों को कर्मचारी का दर्जा देना, बिना शर्त के एक्सग्रेसिया पॉलिसी लागू करने में सरकार आनाकानी कर रही है। जिसको लेकर कर्मचारियों,मजदूरों,परियोजना कर्मियों में भारी रोष है।

हिन्दुस्थान समाचार / अवतार सिंह चुग

Share this story