सोनीपत: लूट, हथियार और उद्घोषित अपराधी, पांच आरोपी गिरफ्तार
सोनीपत, 18 अप्रैल (हि.स.)। सोनीपत
जिले में अलग-अलग मामलों में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार
किया है। सभी आरोपियों को शनिवार को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से तीन को पुलिस रिमांड और
दाे को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
पहला
मामला थाना सदर गोहाना क्षेत्र का है। 16 अप्रैल 2026 को मुंडलाना निवासी सत्यनारायण
ने शिकायत दी कि 15 अप्रैल की रात वह खेत में ट्रैक्टर से तूड़ी बना रहा था। खेत से
मोटरसाइकिल पर घर लौटते समय बुसाना रोड पर सतपाल के घर के सामने दो मोटरसाइकिलों पर
आए पांच युवकों ने रास्ता रोक लिया। आरोपियों ने लाठी-डंडों से मारपीट कर जेब से नगदी,
हिसाब की कॉपी और मोबाइल छीन लिया। शिकायत पर मामला दर्ज किया गया। सहायक उप निरीक्षक
संजय की टीम ने जांच के बाद जींद निवासी साहिल, सोनीपत मोहाना निवासी अजय और रोहित
को गिरफ्तार किया। तीनों को न्यायालय में पेश कर दो दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया
है।
दूसरा
मामला क्राइम यूनिट खरखौदा से जुड़ा है। मुख्य सिपाही अमित की टीम गश्त के दौरान रोहतक
बाईपास पर थी, तभी सूचना मिली कि निरथान निवासी मोहित अवैध पिस्तौल के साथ खांडा मोड़
पर मौजूद है। पुलिस टीम मौके पर पहुंची और संदिग्ध युवक को पकड़ लिया। तलाशी में पैंट
की जेब से एक देशी पिस्तौल 315 बोर और दो जिंदा कारतूस मिले। आरोपी कोई लाइसेंस नहीं
दिखा सका। उसे गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत
में जेल भेज दिया गया।
तीसरा मामला थाना खरखौदा
का है। मुख्य सिपाही सुदीप की टीम ने वर्ष 2022 के चेक बाउंस मामले में न्यायालय द्वारा
उद्घोषित अपराधी घोषित किए गए आरोपी संदीप निवासी सांघी जिला रोहतक को गिरफ्तार किया।
आरोपी को न्यायालय में पेश कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / नरेंद्र शर्मा परवाना

