यमुनानगर: पुुलिस को देख भागा लूट का आरोपी गिरकर हुआ घायल, किया गिरफ्तार

WhatsApp Channel Join Now
यमुनानगर: पुुलिस को देख भागा लूट का आरोपी गिरकर हुआ घायल, किया गिरफ्तार


यमुनानगर: पुुलिस को देख भागा लूट का आरोपी गिरकर हुआ घायल, किया गिरफ्तार


यमुनानगर, 07 मई (हि.स.) यमुनानगर में शादी समारोह की तैयारियों के लिए उत्तर प्रदेश से आए युवक से नकदी लूटने के मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई के दौरान आरोपी भागने का प्रयास करते हुए घायल हो गया, जबकि उसका साथी अंधेरे का लाभ उठाकर फरार हो गया।

पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी की पहचान यमुनानगर निवासी मोनू के रूप में हुई है। जांच में सामने आया है कि उसके खिलाफ विभिन्न थानों में पहले से कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। मामला उत्तर प्रदेश के मथुरा जिले के गांव रामपुर निवासी महावीर सिंह की शिकायत से जुड़ा है। शिकायतकर्ता ने बताया कि उसकी शादी 9 मई को यमुनानगर निवासी युवती से तय हुई है। वह विवाह की रस्मों और खरीदारी के लिए 26 अप्रैल को नकदी लेकर यमुनानगर आया था। आरोप है कि अगले दिन कैंप क्षेत्र में दो युवकों ने उसके साथ विवाद किया और मारपीट के बाद उसकी जेब से करीब 30 हजार रुपये निकाल लिए। जाते समय आरोपी उसे धमकी देकर मौके से फरार हो गए।

बाद में स्थानीय लोगों से मिली जानकारी के आधार पर एक आरोपी की पहचान की गई, जिसके बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। सीआईए-1 प्रभारी राजकुमार ने बताया कि उन्हें सूचना मिली थी कि दोनों आरोपी रटौली रोड क्षेत्र में घूम रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने इलाके में घेराबंदी की। पुलिस को देखकर आरोपी मोटरसाइकिल से भागने लगे, लेकिन पीछा किए जाने के दौरान उनकी बाइक फिसल गई। हादसे में एक आरोपी घायल हो गया, जबकि दूसरा फरार हो गया। घायल आरोपी को उपचार के लिए सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां जांच में उसके पैर में फ्रैक्चर की पुष्टि हुई। पुलिस अब फरार आरोपी मदन की तलाश में लगातार दबिश दे रही है। मामले में आगे की जांच जारी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुशील कुमार

Share this story