जींद : बस अड्डा पर रोडवेज कर्मियों ने मांगों को लेकर किया प्रदर्शन
जींद, 13 अगस्त (हि.स.)। हरियाणा रोडवेज कर्मचारी सांझा मोर्चा के आह्वान पर रोडवेज कर्मियों ने बस अड्डा परिसर में गुरूवार को प्रदर्शन किया और मांगों को लेकर नारेबाजी की। बाद में रोडवेज कर्मियों ने मांगों से संबंधित ज्ञापन परिवमंत्री को संबोधित महाप्रबंधक कार्यालय में सौंपा। प्रदर्शन का नेतृत्व रामेहर रेढू, जितेंद्र लाठर, अनिल गौतम, सोमबीर जांगड़ा, सुल्तान सिंह ने किया। प्रदर्शन का संचालन नीतीश शर्मा द्वारा किया गया।
प्रदर्शन में शामिल कर्मचारियों को संबोधित करते हुए मोर्चे के वरिष्ठ सदस्यों अनूप लाठर और संदीप रंगा ने बताया कि परिवहन मंत्री कर्मचारियों से किए गए वादे पर अमल नही कर रहे हैं। 25 जुलाई को परिवहन मंत्री के आवास के घेराव के दौरान मंत्री ने कर्मचारियों के बीच पहुंच कर ज्ञापन लिया था और 15 दिन के भीतर कर्मचारियों की मांगों पर बैठक बुलाने का आश्वासन दिया था लेकिन तय समय बीत जाने के बाद भी बैठक बुलाने संबंधी पत्र जारी नहीं किया गया है। इससे रोडवेज कर्मचारियों में भारी रोष है। उन्होंने कहा कि सरकार यदि कर्मचारियों की मांगों का जल्द समाधान नहीं करती है तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।
अनूप लाठर ने बताया कि कर्मचारियों की प्रमुख मांगों में परिचालकों का पे ग्रेड बढ़ाना तथा लिपिकों की तर्ज पर तीन वेतन वृद्धि देना, जोखिम वाली ड्यूटी करने वाले कर्मचारियों को जोखिम भत्ता देना, चालकों का पे ग्रेड बढ़ाना तथा स्टैंड इंचार्ज का पद सृजित कर पदोन्नति देना शामिल है। इसके अलावा 2016 में भर्ती चालकों को पक्का करने, 2018 में भर्ती कर्मशाला कर्मचारियों को तकनीकी पदों पर पदोन्नति देने तथा परिचालकों सहित सभी कर्मचारियों को पक्का करने की मांग भी प्रमुखता से उठाई गई है। उन्होंने कहा कि घाटे का सौदा साबित हो रही इलेक्ट्रिक बसों की ठेका व्यवस्था को समाप्त किया जाए, कर्मचारियों को पहले की तरह अर्जित अवकाश का लाभ दिया जाए। कार्यालय सहायकों के पदों में बढ़ोतरी कर लिपिकों की पदोन्नति की जाए।
हिन्दुस्थान समाचार / विजेंद्र मराठा

