यमुनानगर:रोडवेज बस की टक्कर से महिला की मौत, चालक वाहन छोड़कर फरार

WhatsApp Channel Join Now
यमुनानगर:रोडवेज बस की टक्कर से महिला की मौत, चालक वाहन छोड़कर फरार


यमुनानगर, 26 जुलाई (हि.स.) यमुनानगर जिले के महमूदपुर गांव के समीप एक दर्दनाक सड़क हादसे में मोटरसाइकिल पर सवार 60 वर्षीय महिला की मौत हो गई। आरोप है कि हरियाणा रोडवेज की तेज गति से आ रही बस ने पीछे से मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी। हादसे के बाद महिला सड़क पर गिर गई और बस का पहिया उसके सिर के ऊपर से गुजर गया, जिससे उसकी घटनास्थल पर ही मृत्यु हो गई। दुर्घटना के बाद बस चालक वाहन मौके पर छोड़कर फरार हो गया।

पुलिस के अनुसार, मृतका की पहचान सढ़ौरा निवासी बिमला देवी के रूप में हुई है। वह अपने भतीजे सुखविंद्र सिंह के साथ गांव अरनौली से सढ़ौरा लौट रही थीं। सुखविंद्र सिंह ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उनकी बुआ पिछले चार-पांच दिनों से अरनौली में उनके घर आई हुई थीं। शिकायत के अनुसार, जब वे महमूदपुर गांव के निकट अपनी लेन में आगे बढ़ रहे थे, तभी पीछे से आई यमुनानगर डिपो की एक रोडवेज बस ने उनकी मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही बिमला देवी सड़क पर गिर गईं, जबकि वह स्वयं सड़क किनारे जा गिरे। इसी दौरान बस का पहिया महिला के सिर के ऊपर से गुजर गया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही थाना सदर जगाधरी पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने यातायात को सामान्य कराया, शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया तथा आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू की। एसएचओ आनंद प्रकाश ने बताया कि शिकायत के आधार पर बस चालक के विरुद्ध संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया गया है। फरार चालक की तलाश की जा रही है। पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुशील कुमार

Share this story