हिसार में यातायात नियम तोड़ने वालों पर कसेगा शिकंजा, सड़क सुरक्षा की खामियां होंगी दूर

WhatsApp Channel Join Now
हिसार में यातायात नियम तोड़ने वालों पर कसेगा शिकंजा, सड़क सुरक्षा की खामियां होंगी दूर


एसपी ने यातायात पुलिस व एनएचएआई अधिकारियों के साथ की समीक्षा बैठक

दुर्घटना संभावित स्थानों और अवैध पार्किंग पर विशेष निगरानी के निर्देश

हिसार, 11 सितंबर (हि.स.)। जिले में यातायात व्यवस्था सुधारने और सड़क हादसों

पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस ने सख्ती बढ़ाने की तैयारी की है। यातायात नियम तोड़ने

वालों के खिलाफ कार्रवाई के साथ दुर्घटना संभावित स्थानों, अवैध पार्किंग और अतिक्रमण

पर विशेष निगरानी रखी जाएगी। इस संबंध में पुलिस अधीक्षक सिद्धांत जैन ने शुक्रवार काे यातायात

पुलिस अधिकारियों और एनएचएआई अधिकारियों के साथ बैठक कर आवश्यक निर्देश दिए।

बैठक में सहायक पुलिस अधीक्षक मयंक मुद्गिल सहित यातायात पुलिस के अधिकारी

और कर्मचारी मौजूद रहे। एसपी ने यातायात प्रबंधन, सड़क सुरक्षा, दुर्घटना संभावित स्थानों,

अवैध पार्किंग, अतिक्रमण और यातायात नियमों की पालना की समीक्षा की। उन्होंने बिना

हेलमेट, बिना सीट बेल्ट, शराब पीकर वाहन चलाने, तेज गति, खतरनाक ड्राइविंग, गलत पार्किंग

और वाहनों में अनधिकृत बदलाव करने वालों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई के निर्देश

दिए।

एसपी ने प्रमुख मार्गों और चौराहों पर नियमित निगरानी बढ़ाने को कहा। वहीं

एनएचएआई अधिकारियों को राष्ट्रीय राजमार्गों पर क्षतिग्रस्त सड़क, संकेतक, स्ट्रीट

लाइट, डिवाइडर सहित सड़क सुरक्षा से जुड़ी कमियों को प्राथमिकता के आधार पर दूर करने

के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि यातायात व्यवस्था में लापरवाही बर्दाश्त नहीं

की जाएगी। अधिकारियों को अपने क्षेत्रों में नियमित निरीक्षण कर व्यवस्था को बेहतर

बनाने के निर्देश दिए गए। पुलिस ने वाहन चालकों से हेलमेट और सीट बेल्ट का प्रयोग करने

तथा यातायात नियमों का पालन करने की अपील की।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर

Share this story