हिसार के बरवाला व आदमपुर में तीन करोड़ 88 लाख से होंगे सड़क निर्माण व सुदृढ़ीकरण के कार्य

WhatsApp Channel Join Now
हिसार के बरवाला व आदमपुर में तीन करोड़ 88 लाख से होंगे सड़क निर्माण व सुदृढ़ीकरण के कार्य


डाबड़ा में तीन सड़कों का निर्माण व सुधार होगा, ढाणी मोहब्बतपुर में पेवर

ब्लॉक लगाने को भी मंजूरी

हिसार, 21 अक्टूबर (हि.स.)। जिले के बरवाला और आदमपुर विधानसभा क्षेत्रों में

सड़क सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए चार विकास कार्यों को प्रशासनिक मंजूरी मिली है।

इन कार्यों पर कुल तीन करोड़ 88 लाख तीन हजार रुपये खर्च किए जाएंगे।

हरियाणा के लोक निर्माण एवं जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी मंत्री रणबीर गंगवा

ने बुधवार काे बताया कि प्रदेश सरकार ग्रामीण क्षेत्रों में सड़क नेटवर्क मजबूत करने और गांवों

को बेहतर संपर्क सुविधाएं उपलब्ध करवाने के लिए लगातार काम कर रही है। उन्होंने बताया

कि बरवाला क्षेत्र के गांव डाबड़ा में डाबड़ा-लाडवा रोड से दक्षिणी फिरनी तक नई सड़क

का निर्माण करवाया जाएगा। इसके लिए एक करोड़ 82 लाख 38 हजार रुपये मंजूर किए गए हैं।

इसी गांव में दक्षिणी फिरनी से डाबड़ा-लाडवा रोड तक सड़क के सुदृढ़ीकरण पर एक करोड़

12 लाख 48 हजार रुपये खर्च किए जाएंगे। इसके अलावा उत्तरी फिरनी से डाबड़ा-लाडवा रोड

तक नई सड़क के निर्माण के लिए 70 लाख 39 हजार रुपये की प्रशासनिक मंजूरी दी गई है।

आदमपुर विधानसभा क्षेत्र के गांव ढाणी मोहब्बतपुर में आदमपुर-झांसल सड़क के किनारे

इंटरलॉकिंग पेवर ब्लॉक लगाने के कार्य के लिए 22 लाख 78 हजार रुपये स्वीकृत किए गए

हैं।

रणबीर गंगवा ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में मजबूत सड़क नेटवर्क विकास की

बुनियादी जरूरत है। बेहतर सड़कों से किसानों को अपनी उपज मंडियों तक पहुंचाने, विद्यार्थियों

को शिक्षण संस्थानों तक आने-जाने और आम नागरिकों को स्वास्थ्य सेवाओं सहित अन्य जरूरी

सुविधाओं तक पहुंचने में आसानी होती है। सरकार का उद्देश्य गांवों में सड़क संपर्क

बेहतर बनाकर ग्रामीणों के जीवन को सुगम करना और विकास कार्यों का लाभ आमजन तक पहुंचाना

है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में प्रदेश सरकार ग्रामीण

आधारभूत ढांचे को मजबूत करने के लिए प्रतिबद्ध है। सड़क निर्माण और सुदृढ़ीकरण के कार्यों

को प्राथमिकता के आधार पर आगे बढ़ाया जा रहा है। उन्होंने संबंधित विभागीय अधिकारियों

को निर्देश दिए कि स्वीकृत कार्य निर्धारित मानकों के अनुरूप पूरे करवाए जाएं और निर्माण

की गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखा जाए, ताकि लोगों को इनका लंबे समय तक लाभ मिल सके।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

764437 Articles

Share this story