पानीपत: सड़क दुर्घटना में युवक की मौत
पानीपत, 10 मई (हि.स.)। पानीपत स्थित गांव छाजपुर बाईपास के निकट शनिवार देर शाम हुए एक सड़क हादसे में 25 वर्षीय युवक की मौत हो गई। युवक की पहचान गांव कुराड़ निवासी अंकित के रूप में हुई है। वह अपने परिवार का इकलौता सहारा था।
परिवार के अनुसार गांव कुराड़ निवासी अंकित शनिवार को किसी काम से सोनीपत के गन्नौर गया था। देर शाम जब वह अपनी बाइक पर वापस लौट रहा था, तो छाजपुर बाइपास स्थित स्टेडियम के पास एक अज्ञात वाहन ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। इस टक्कर में अंकित की मौके पर ही मौत हो गई। स्टेडियम में खेल रहे बच्चों ने जब अंकित को देखा, तो उन्होंने उसकी पहचान की और तुरंत परिजनों को सूचित किया। मृतक के ताऊ ने बताया कि अंकित की पत्नी मीनाक्षी नौ माह की गर्भवती है।
डॉक्टरों के अनुसार आज या कल में ही उसकी डिलीवरी होनी तय है। घर में नए सदस्य के आगमन की तैयारियां चल रही थी, लेकिन कुदरत को कुछ और ही मंजूर था। अंकित अपने पीछे एक दो साल का बेटा और रोती-बिलखती गर्भवती पत्नी को छोड़ गया है। उन्होंने बताया कि काफी समय पहले सांप के काटने से अंकित के पिता की भी मृत्यु हो चुकी है। सात साल पहले अंकित के बड़े भाई सचिन का भी साया सिर से उठ चुका था। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया गया था। रविवार को पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों को सौंप दिया और अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अनिल वर्मा

