पानीपत: सड़क हादसे में एक श्रमिक की मौत, साथी घायल

WhatsApp Channel Join Now
पानीपत: सड़क हादसे में एक श्रमिक की मौत, साथी घायल


पानीपत, 01 मार्च (हि.स.)। पानीपत स्थित नूरवाला बरसत रोड पर रविवार सुबह एक तेज रफ्तार ट्रक ड्राइवर ने सड़क किनारे बैठे श्रमिकों पर ट्रक चढ़ा दिया। इस हादसे में एक श्रमिक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल है। घटना के वक्त मौके पर कई श्रमिक मौजूद थे, जिन्होंने इधर-उधर भागकर अपनी जान बचाई। मृतक की पहचान मोहम्मद आरिफ के रूप में हुई है।

सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पानीपत के सामान्य अस्पताल के शवगृह में रखवा दिया। पुलिस ने ट्रक को भी जब्त कर लिया है और फरार ड्राइवर की तलाश तेज कर दी है। परिजनों ने बताया कि आज आरिफ रोजे से था। वह रोज की तरह सुबह नूरवाला अड्डे पर इस उम्मीद में आया था कि कोई काम मिलेगा और वह शाम को बच्चों के लिए इफ्तारी का सामान ले जाएगा।

आरिफ अपने पीछे पांच छोटे बच्चों को छोड़ गया है। उसकी मौत की खबर मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। वहां मौजूद श्रमिकों ने पुलिस को बताया कि ट्रक ड्राइवर शराब के नशे में लग रहा था। उसने जानबूझकर ट्रक को श्रमिकों की ओर मोड़ दिया। जैसे ही ट्रक अनियंत्रित होकर चढ़ा, वहां भगदड़ मच गई। आरिफ ट्रक के टायर की चपेट में आ गया और उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया। हादसे के बाद ड्राइवर ट्रक को मौके पर ही छोड़कर फरार हो गया। मजदूरों ने रोष जताते हुए कहा कि यहां ट्रैफिक व्यवस्था और सुरक्षा का कोई इंतजाम नहीं है, जिसके कारण आए दिन हादसे होते रहते है। पुलिस ने अज्ञात ड्राइवर के खिलाफ लापरवाही व हत्या का केस दर्ज कर ट्रक ड्राइवर की तलाश शुरू कर दी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अनिल वर्मा

Share this story