पानीपत में कोहरे की मार, 15 वाहन टकराए,10 लोग घायल

WhatsApp Channel Join Now
पानीपत में कोहरे की मार, 15 वाहन टकराए,10 लोग घायल


पानीपत, 21 मार्च (हि.स.)। पानीपत में दो दिन से मौसम में अचानक आए बदलाव के कारण शनिवार की सुबह घना कोहरा छाया रहा। पानीपत में शनिवार को सुबह आ रही रुक कर हुई बरसात के कारण हुए घने कोहरे में दृश्यता इतनी कम हो गई कि हाईवे पर चल रहे वाहनों को कुछ ही दूरी पर आगे चल रहे वाहन दिखाई नहीं पड़ रहे थे।

दृश्यता कम होने के कारण ही बस स्टैंड के पास एक के बाद एक 15 वाहन आपस में टकरा गए। अचानक भिड़े वाहनों में सवार 10 लोग घायल हो गए जिसमें चार पुरुष तीन महिलाएं और तीन बच्चे शामिल है। सभी घायलों को सिवाह बाइपास के निकटवर्ती निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस के अनुसार, चंडीगढ़ से दिल्ली जाने वाली लेन में सिवाह बस स्टैंड के पास एक ट्रक अचानक खराब हो गया, जिस कारण उसको सड़क किनारे खड़ा कर दिया गया।

कोहरा इतना घना था कि पीछे से आ रहे अन्य वाहन ड्राइवरों को सड़क पर खड़ा यह ट्रक दिखाई नहीं दिया और पीछे से आ रहा एक तेज रफ्तार ट्रक खराब हुए ट्रक में जा घुसा। टक्कर इतनी जोरदार थी कि देखते ही देखते पीछे से आ रहे 4 और ट्रक इसी तरह आपस में टकरा गए। ट्रकों की इस भिड़ंत के बाद पीछे चल रही छोटी गाड़ियां और कारें भी कोहरे के कारण इन दुर्घटनाग्रस्त ट्रकों से टकराती चली गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कुल 15 गाड़ियां इस हादसे में टकराई।

हादसे के बाद दिल्ली की ओर जाने वाली सड़क पूरी तरह से अवरुद्ध हो गई। जिस कारण हाईवे पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और जाम की स्थिति पैदा हो गई। हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस की टीमें तुरंत मौके पर पहुंची और स्थिति को काबू किया। डेढ घंटे की कड़ी मशक्त के बाद क्रेन की मदद से दुर्घटनाग्रस्त वाहनो को बीच सड़क से हटाना शुरू किया ओर हाईवे की एक लेन को यातायात के लिए सुचारू रूप से चालू कराया गया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अनिल वर्मा

Share this story