पानीपत: जीटी रोड पर बेकाबू जेसीबी ने बुजुर्ग को कुचला, मौके पर ही मौत
पानीपत, 06 मार्च (हि.स.)। पानीपत में दीवाना रोड के पास एक अनियंत्रित जेसीबी ने साइकिल सवार बुजुर्ग को अपनी चपेट में ले लिया। जेसीबी का टायर बुजुर्ग के ऊपर से होकर गुजर गया, जिसके बाद बुजुर्ग की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने मृतक की बेटी की शिकायत पर जेसीबी ड्राइवर के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दी शिकायत में कृष्ण पुरा पीर वाली गली निवासी सोनी रानी ने बताया कि उसके पिता विपिन कुमार जीटी रोड स्थित ओम ओवरसीज कंपनी में काम करते थे। गुरुवार शाम को वे अपनी ड्यूटी खत्म कर साइकिल से घर के लिए निकले थे। जैसे ही विपिन कुमार जीटी रोड पर दीवाना के पास फोर-लेन पर पहुंचे, तभी पीछे से आ रही एक तेज रफ्तार जेसीबी ने उन्हें टक्कर मार दी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, जेसीबी ड्राइवर वाहन को बेहद तेज गति और लापरवाही से चला रहा था। टक्कर लगने के बाद विपिन कुमार सड़क पर गिर गए और जेसीबी का भारी-भरकम टायर उनके ऊपर से गुजर गया, जिस कारण विपिन की मौके पर ही मौत हो गई। सोनी ने बताया कि उनके भाई की पहले ही मौत हो चुकी है और अब वे दो ही बहनें हैं, पिता ही परिवार का मुख्य सहारा थे।
हिन्दुस्थान समाचार / अनिल वर्मा

