यमुनानगर:रेडियो जगत में करियर और स्टार्टअप सोच पर विशेषज्ञों ने छात्राओं को किया प्रेरित

WhatsApp Channel Join Now
यमुनानगर:रेडियो जगत में करियर और स्टार्टअप सोच पर विशेषज्ञों ने छात्राओं को किया प्रेरित


यमुनानगर, 13 मार्च (हि.स.)। यमुनानगर के डीएवी गर्ल्स कॉलेज में इंस्टीट्यूशन इनोवेशन काउंसिल, पत्रकारिता एवं जनसंचार विभाग और सांझा रेडियो के संयुक्त तत्वावधान में शुक्रवार को रेडियो जॉकी के क्षेत्र में उद्यमी दृष्टिकोण और स्टार्टअप मानसिकता के विकास विषय पर एक विशेष विस्तार व्याख्यान आयोजित किया गया। कार्यक्रम में सांझा रेडियो के चेयरमैन डॉ. मनमोहन सिंह, रेडियो जॉकी रंजीत कौर और गुरप्रीत कौर द्वारा मुख्य वक्ता के रूप में छात्राओं से संवाद किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता कॉलेज की कार्यवाहक प्राचार्य डॉ. सुरिंद्र कौर ने की, जबकि आईआईसी संयोजक विवेक और पत्रकारिता एवं जनसंचार विभागाध्यक्ष परमेश कुमार भी मंच पर उपस्थित रहे। इस अवसर पर समाजसेवी मीनू चसवाल ने छात्राओं को संबोधित करते हुए उन्हें रचनात्मक क्षेत्रों में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।

मुख्य वक्ता डॉ. मनमोहन सिंह ने कहा कि रेडियो केवल प्रस्तोता तक सीमित माध्यम नहीं है, बल्कि इसके साथ कई पेशेवर संभावनाएं जुड़ी हुई हैं। प्रोग्राम निर्माण, लेखन, ध्वनि संपादन और डिजिटल सामग्री निर्माण जैसे क्षेत्रों में युवाओं के लिए व्यापक अवसर उपलब्ध हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से अपनी रचनात्मक क्षमता और संचार कौशल को विकसित कर इस क्षेत्र में पहचान बनाने का आह्वान किया। रेडियो जॉकी रंजीत कौर ने प्रसारण के तकनीकी पहलुओं पर विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि रेडियो कार्यक्रम की गुणवत्ता में एडिटिंग, टीजर निर्माण और वॉइस मॉड्यूलेशन की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। इन तकनीकों के माध्यम से प्रस्तुति को प्रभावी बनाया जा सकता है और श्रोताओं की रुचि बनाए रखी जा सकती है। उनके द्वारा छात्राओं को व्यावहारिक उदाहरणों के माध्यम से इन पहलुओं को समझाया गया। गुरप्रीत कौर ने कहा कि सफल रेडियो कार्यक्रम के पीछे सुनियोजित योजना, रचनात्मक सोच और टीमवर्क की अहम भूमिका होती है। यदि सामग्री रोचक और प्रस्तुतिकरण प्रभावी हो तो श्रोता लंबे समय तक कार्यक्रम से जुड़े रहते हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / सुशील कुमार

Share this story