पलवल की ऋचा सिंह ने यूपीएससी में 632वीं रैंक हासिल कर बढ़ाया जिले का मान

WhatsApp Channel Join Now
पलवल की ऋचा सिंह ने यूपीएससी में 632वीं रैंक हासिल कर बढ़ाया जिले का मान


पलवल, 07 मार्च (हि.स.)। पलवल की आदर्श कॉलोनी निवासी ऋचा सिंह ने संघ लोक सेवा आयोग (यूपीएससी) की परीक्षा में 632वीं रैंक हासिल कर अपने परिवार और जिले का नाम रोशन किया है। परिणाम घोषित होते ही उनके घर पर बधाई देने वालों का तांता लग गया। परिजनों और शुभचिंतकों ने मिठाई बांटकर खुशी मनाई और केक काटकर इस उपलब्धि का जश्न मनाया।

घर की बड़ी बेटी की इस सफलता पर परिवार में उत्सव जैसा माहौल रहा। ऋचा ने अपने दादा सेवानिवृत्त अध्यापक सतबीर सिंह तंवर, दादी विमला देवी, पिता सुरेंद्र प्रताप सिंह, मां ममता देवी और अपनी दोनों छोटी बहनों सहित परिवार के अन्य सदस्यों को लड्डू खिलाकर खुशी साझा की। परिवार के सदस्यों ने “डीएम साहब” लिखे केक को काटकर इस उपलब्धि का जश्न मनाया।

ऋचा सिंह का परिवार मूल रूप से गांव बिघावली का रहने वाला है। ऋचा के दादा मास्टर सतबीर सिंह ने अपनी पोतियों को बेहतर शिक्षा दिलाने के उद्देश्य से पलवल में आकर बसने का निर्णय लिया था। उन्होंने आदर्श कॉलोनी में घर बनाकर पोतियों की पढ़ाई की मजबूत नींव रखी। आज उनकी पोती की इस सफलता ने पूरे परिवार को गौरवान्वित कर दिया है।

ऋचा सिंह ने अपनी दसवीं की पढ़ाई धर्म पब्लिक स्कूल से तथा बारहवीं टैगोर पब्लिक स्कूल से पूरी की। इसके बाद उन्होंने दिल्ली विश्वविद्यालय के मिरांडा हाउस कॉलेज से केमिस्ट्री में स्नातक किया और आगे आईआईटी दिल्ली से केमिस्ट्री में मास्टर्स की डिग्री हासिल की। पढ़ाई के दौरान उन्होंने दिल्ली में रहकर ऑनलाइन कोचिंग के माध्यम से यूपीएससी की तैयारी की और अपनी कड़ी मेहनत के दम पर परीक्षा में सफलता प्राप्त की।

ऋचा सिंह ने बताया कि उनका लक्ष्य आईएएस अधिकारी बनना है और जब तक उन्हें यह मुकाम हासिल नहीं हो जाता, वह लगातार प्रयास करती रहेंगी। उन्होंने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता, दादा-दादी और परिवार के सहयोग को दिया है।

ऋचा के पिता सुरेंद्र प्रताप सिंह भिवाड़ी स्थित एक निजी कंपनी में नौकरी करते हैं और बेटियों की पढ़ाई के लिए रोजाना डेली-अप-डाउन करते हैं। ऋचा की सफलता से परिवार, रिश्तेदारों और क्षेत्र में खुशी का माहौल है। जैसे ही लोगों को उनकी सफलता की खबर मिली, उनके घर पर बधाई देने वालों का सिलसिला शुरू हो गया और फोन पर भी लगातार शुभकामनाएं मिल रही हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / गुरुदत्त गर्ग

Share this story