रेवाड़ी में 85 लाख से बनी सड़क 25 दिन में टूटी, निर्माण गुणवत्ता पर उठे गंभीर सवाल

WhatsApp Channel Join Now
रेवाड़ी में 85 लाख से बनी सड़क 25 दिन में टूटी, निर्माण गुणवत्ता पर उठे गंभीर सवाल


वार्ड-10 के बंजारवाड़ा-सैयद सराय मोहल्ले में सड़क की रोड़ियां बाहर निकलीं

पार्षद और स्थानीय लोगों ने जांच की मांग की

रेवाड़ी, 22 सितंबर (हि.स.)। शहर के वार्ड नंबर-10 स्थित बंजारवाड़ा-सैयद सराय मोहल्ले में करीब 85 लाख रुपये की लागत से बनाई गई सड़क महज 25 दिन में ही टूटने लगी है। सड़क की सतह कई जगह से उखड़ गई है और रोड़ियां बाहर निकल आई हैं। सड़क की गुणवत्ता पर सवाल किसी बाहरी व्यक्ति ने नहीं, बल्कि नगर परिषद के पार्षद और स्थानीय लोगों ने ही उठाए हैं।

वार्ड नंबर-10 के पार्षद पवन बटला ने मंगलवार को बताया कि सड़क निर्माण के दौरान ही उन्होंने इसकी गुणवत्ता को लेकर संबंधित जेई, एमओ और डीएमसी सहित अधिकारियों को शिकायत दी थी। पार्षद के अनुसार उन्होंने कई बार अधिकारियों को मौके की स्थिति से अवगत कराया, लेकिन इसके बावजूद निर्माण कार्य जारी रहा। अब सड़क के महज 25 दिन में खराब होने के बाद निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर सवाल खड़े हो गए हैं।

पार्षद का कहना है कि यदि निर्माण के दौरान ही गुणवत्ता को लेकर शिकायतें सामने आ रही थीं तो संबंधित अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर निर्माण सामग्री और कार्य की गुणवत्ता की जांच क्यों नहीं की, यह बड़ा सवाल है। वहीं, स्थानीय लोगों ने सड़क की मोटाई को लेकर भी गंभीर आरोप लगाए हैं। लोगों का दावा है कि वर्ष 2018 में इसी सड़क का निर्माण करीब आठ इंच मोटाई में किया गया था, जबकि नई सड़क की मोटाई तीन इंच से भी कम दिखाई दे रही है। लोगों ने सड़क की मौके पर नपाई कराने की मांग की है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला

Share this story