पलवल में साइबर ठगी के मामले में करीब डेढ़ महीने बाद दर्ज हुआ केस
पलवल, 30 सितंबर (हि.स.)। जिले में साइबर ठगी का एक मामला सामने आया है। साइबर ठगों ने लखनाका गांव निवासी सेवानिवृत्त एसआई अब्दुल मजीद का फोन फर्जी एपीके फाइल भेजकर हैक कर लिया। इसके बाद ठगों ने तीन दिन में उनके बैंक खाते से 3 लाख 70 हजार रुपये निकाल लिए। पीड़ित को ठगी का पता 16 अगस्त को चला, जिसके बाद उन्होंने उसी दिन राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई।
साइबर क्राइम थाना प्रभारी संदीप ने बुधवार को बताया कि अब्दुल मजीद का मोबाइल 14 अगस्त को हैक हुआ था। ठगों ने 14, 15 और 16 अगस्त को अलग-अलग लेनदेन के माध्यम से खाते से 3.70 लाख रुपये निकाल लिए। पीड़ित को 16 अगस्त को खाते से रकम निकाले जाने की जानकारी मिली। शिकायत के करीब डेढ़ महीने बाद 29 सितंबर को साइबर क्राइम थाना पलवल में मामला दर्ज किया गया। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 318(4) और 319(2) के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मामले की जांच पीएसआई विकास को सौंपी गई है।
पुलिस के अनुसार, मामले में फर्जी एपीके फाइल और खाते से हुए लेनदेन की जांच की जा रही है। पुलिस साइबर ठगी में इस्तेमाल किए गए मोबाइल और अन्य तकनीकी माध्यमों की भी पड़ताल कर रही है। आरोपितों की पहचान होने के बाद उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / गुरुदत्त गर्ग

