नूंह में मांगों को लेकर रिटायर्ड कर्मचारियों ने शुरू किया 24 घंटे का धरना

WhatsApp Channel Join Now
नूंह में मांगों को लेकर रिटायर्ड कर्मचारियों ने शुरू किया 24 घंटे का धरना


नूंह, 29 सितंबर (हि.स.)। रिटायर्ड कर्मचारी संघ हरियाणा के बैनर तले जिले के सेवानिवृत्त कर्मचारियों ने मंगलवार को जिला सचिवालय के बाहर अपनी 12 सूत्रीय मांगों को लेकर 24 घंटे का धरना शुरू किया। धरने में नूंह जिले के पांचों ब्लॉक नूंह, फिरोजपुर झिरका, तावडू, पुनहाना और नगीना से करीब 700 रिटायर्ड कर्मचारी शामिल हुए। कर्मचारियों का यह धरना 29 सितंबर से 30 सितंबर तक चलेगा।

धरने के दौरान सेवानिवृत्त कर्मचारियों ने सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और अपनी मांगों को जल्द पूरा करने की मांग उठाई। धरने के समापन पर 30 सितंबर को कर्मचारियों की ओर से अपनी 12 सूत्रीय मांगों को लेकर उपायुक्त के माध्यम से प्रधानमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा जाएगा।

रिटायर्ड कर्मचारी संघ हरियाणा के संगठन सचिव कमल सिंह सहरावत और जिला प्रधान फरियाद मोहम्मद ने कहा कि सेवानिवृत्त कर्मचारियों की प्रमुख मांगों में आठवें वेतन आयोग में पेंशन को शामिल करना, 50 प्रतिशत डीए/डीआर को पेंशन में मर्ज करना, पेंशन का सामान्यीकरण लागू करना, पारिवारिक पेंशन में सुधार करना तथा पिछले 18 माह से लंबित डीए/डीआर का भुगतान करना शामिल है।

उन्होंने कहा कि सरकार की ओर से आठवें वेतन आयोग का लाभ सेवानिवृत्त कर्मचारियों को दिए जाने को लेकर उनकी मांगों पर अभी तक अपेक्षित कार्रवाई नहीं हुई है। उन्होंने कहा कि लंबे समय से पेंशनभोगी अपनी मांगों को लेकर सरकार के समक्ष आवाज उठा रहे हैं, लेकिन समस्याओं का समाधान नहीं हुआ है। धरना स्थल पर कर्मचारियों ने कहा कि प्रदर्शन में 80 वर्ष से अधिक आयु के सेवानिवृत्त कर्मचारी भी भाग ले रहे हैं। कर्मचारियों के अनुसार 24 घंटे के धरने के दौरान वे रात में भी धरना स्थल पर मौजूद रहेंगे। उन्होंने सरकार से 12 सूत्रीय मांगों पर गंभीरता से विचार कर जल्द समाधान करने की मांग की।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अनिल मोहानिया

Share this story