हिसार : हरियाणा कर्मचारी महासंघ व सर्व कर्मचारी संघ आंदोलन की कमान संभालें: महेंद्र सिंह
सफाई कर्मचारियों की हड़ताल के समर्थन में रिटायर्ड कर्मचारी एसोसिएशन ने प्रदेशव्यापी
आंदोलन की दी चेतावनी
हिसार, 10 सितंबर (हि.स.)। प्रदेश में सफाई कर्मचारियों की हड़ताल को 36 दिन
बीतने के बावजूद सरकार की ओर से मांगों के समाधान के लिए ठोस पहल नहीं होने पर सेवानिवृत्त
कर्मचारी नेताओं ने रोष जताया है। उन्होंने कहा कि लंबे समय से जारी हड़ताल के कारण
शहरों और कस्बों में सफाई व्यवस्था चरमरा गई है तथा जगह-जगह गंदगी के ढेर लगे हुए हैं।
इससे आम लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है और बीमारियां फैलने का खतरा भी
बढ़ गया है।
हरियाणा कर्मचारी महासंघ से संबद्ध रिटायर्ड कर्मचारी एसोसिएशन ने गुरुवार काे सफाई कर्मचारियों
की हड़ताल का समर्थन करते हुए प्रदेश के दोनों प्रमुख कर्मचारी संगठनों हरियाणा कर्मचारी
महासंघ और सर्व कर्मचारी संघ हरियाणा से आंदोलन की कमान संभालने की अपील की। नेताओं
ने कहा कि सफाई कर्मचारियों की जायज मांगों को लेकर अब आंदोलन को प्रदेशव्यापी स्वरूप
देने की जरूरत है। बैठक में हिसार कमिश्नरी के संयोजक राजपाल नैन, कर्मचारी परिसंघ के राष्ट्रीय
चेयरमैन एमएल सहगल, पूर्व राज्य प्रधान नरेश गोयल, पुलिस एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष
महेंद्र सिंह स्याहड़वा, कॉमरेड रूप सिंह बोस, सरदार जरनैल सिंह और शमशेर डाबड़ा सहित
विभिन्न विभागों के सेवानिवृत्त कर्मचारी नेता मौजूद रहे।
कर्मचारी नेताओं ने सरकार को चेतावनी देते हुए कहा कि सफाई कर्मचारियों की
मांगों की अनदेखी अब बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि सरकार को केवल आश्वासन
देने के बजाय मांगों का ठोस समाधान करना चाहिए। यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो कर्मचारी
संगठनों के सहयोग से आंदोलन को प्रदेशव्यापी बनाकर सरकार के खिलाफ निर्णायक संघर्ष
शुरू किया जाएगा।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर

