हरियाणा में महिला अधिवक्ताओं के लिए बार रूम में बनेंगे अलग शौचालय

WhatsApp Channel Join Now

मुख्य सचिव ने जिला उपायुक्तों से सात दिन में मांगी रिपोर्ट

चंडीगढ़, 23 नवंबर (हि.स.)। हरियाणा सरकार महिला अधिवक्ताओं को बार रूम में सुरक्षित और सम्मानजनक माहौल तथा मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध करवाने के लिए प्रतिबद्ध है। इसी दिशा में मुख्य सचिव अनुराग रस्तोगी ने सोमवार को सभी उपायुक्तों को निर्देश दिए हैं कि वे अपने-अपने जिलों में बार रूम में महिला अधिवक्ताओं के लिए अलग शौचालयों की उपलब्धता सुनिश्चित करें। साथ ही, इस संबंध में सात दिन के भीतर जिलावार स्थिति रिपोर्ट और समयबद्ध कार्ययोजना प्रस्तुत करें।

मुख्य सचिव आज यहां वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सभी उपायुक्तों के साथ बैठक कर रहे थे। उन्होंने कहा कि प्रत्येक जिले में यह आकलन किया जाए कि बार रूम में महिला अधिवक्ताओं के लिए अलग शौचालय की सुविधा उपलब्ध है या नहीं। जिन स्थानों पर यह सुविधा नहीं है, वहां इसके निर्माण के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएं। उन्होंने उपायुक्तों को निर्देश दिए कि इस कार्य को प्राथमिकता के आधार पर लेते हुए संबंधित बार एसोसिएशनों के साथ समन्वय स्थापित किया जाए तथा सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए ठोस और समयबद्ध कार्ययोजना तैयार की जाए। ये निर्देश बार रूम में महिला अधिवक्ताओं के लिए सुविधाओं से संबंधित सर्वोच्च न्यायालय के आदेशों के मद्देनजर जारी किए गए हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

781998 Articles

Share this story