हिसार : छठी जिला योगासन खेल प्रतियोगिता की तैयारियां पूर्ण, समीक्षा बैठक में सौंपी जिम्मेदारियां

WhatsApp Channel Join Now
हिसार : छठी जिला योगासन खेल प्रतियोगिता की तैयारियां पूर्ण, समीक्षा बैठक में सौंपी जिम्मेदारियां


डीएन कॉलेज में 3-4 अक्टूबर को होगा योगासन प्रतिभाओं का महासंग्राम, हिसार

व हांसी के खिलाड़ी लेंगे भाग

हिसार, 29 सितंबर (हि.स.)। छठी जिला योगासन स्पोर्ट्स चैंपियनशिप-2026 के सफल

आयोजन के लिए योगासन स्पोर्ट्स एसोसिएशन की समीक्षा बैठक दयानंद महाविद्यालय

के कॉन्फ्रेंस हॉल में हुई। प्रतियोगिता का आयोजन 3 और 4 अक्टूबर को यहां के डीएन कॉलेज में किया जाएगा। इसमें हिसार एवं हांसी जिले के पात्र योगासन खिलाड़ी अपनी प्रतिभा

का प्रदर्शन करेंगे।

बैठक की अध्यक्षता इंडियन योग एसोसिएशन, हरियाणा चैप्टर के चेयरमैन एवं हरियाणा

योगासन स्पोर्ट्स एसोसिएशन के उपाध्यक्ष ईश आर्य ने की। बैठक में प्रतियोगिता की रूपरेखा,

खिलाड़ियों के पंजीकरण, तकनीकी व्यवस्था, सुरक्षा, आवास, मंच संचालन तथा प्रचार-प्रसार

सहित विभिन्न व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई। आयोजन से जुड़े सभी कार्यकर्ताओं को उनकी

जिम्मेदारियां सौंपी गईं।

मीडिया डायरेक्टर सुरेंद्र पानू हिन्दुस्तानी ने मंगलवार काे बताया कि बैठक में सर्वसम्मति

से बसंत कुमार को प्रतियोगिता निदेशक तथा सुरेंद्र पानू हिन्दुस्तानी को प्रतियोगिता

प्रबंधक नियुक्त किया गया। उन्होंने बताया कि प्रतियोगिता को सुव्यवस्थित ढंग से आयोजित

करने के लिए लगभग सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।

एसोसिएशन के सचिव अनुज कौशिक ने बताया कि प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए

ऑनलाइन पंजीकरण अनिवार्य है। सामान्य पंजीकरण की अंतिम तिथि 1 अक्टूबर है। विलंब शुल्क

के साथ 2 अक्टूबर को शाम 6 बजे तक पंजीकरण कराया जा सकता है। इसके बाद किसी भी परिस्थिति

में पंजीकरण स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने खिलाड़ियों से समय रहते पंजीकरण करवाकर

प्रतियोगिता में भागीदारी सुनिश्चित करने की अपील की।

प्रतियोगिता के दौरान खिलाड़ियों की सुविधा, सुरक्षा और अनुशासन को सर्वोच्च

प्राथमिकता देने का निर्णय लिया गया। एसोसिएशन के अध्यक्ष अजय इलाहाबादी ने कहा कि

यह प्रतियोगिता जिले की युवा योगासन प्रतिभाओं को अपनी क्षमता प्रदर्शित करने तथा राज्य

और राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं तक पहुंचने का महत्वपूर्ण अवसर प्रदान करेगी।

ईश आर्य ने कहा कि योगासन को खेल के रूप में बढ़ावा देने के साथ युवाओं में

स्वास्थ्य, एकाग्रता, अनुशासन और आत्मविश्वास विकसित करना एसोसिएशन का प्रमुख उद्देश्य

है। उन्होंने खिलाड़ियों और आयोजन से जुड़े कार्यकर्ताओं को शुभकामनाएं दीं।

बैठक में अजय इलाहाबादी, अनुज कौशिक, सुरेंद्र पानू हिन्दुस्तानी, बसंत कुमार,

कविता, नरेंद्र वशिष्ठ, वीरेंद्र बड़ाला, देवकी नंदन भाटिया, रैना कुमारी, राजेश सिंगल

और मनोज कुमार सहित अन्य पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर

Share this story