हिसार : एशियाई खेलों की गोल्ड मैडलिस्ट मनीषा रुहिल का गांव किरतान में सम्मान

WhatsApp Channel Join Now
हिसार : एशियाई खेलों की गोल्ड मैडलिस्ट मनीषा रुहिल का गांव किरतान में सम्मान


कबड्डी में स्वर्ण पदक जीतकर गांव, प्रदेश और देश का नाम रोशन करने पर ग्रामीणों

ने किया सम्मानित

हिसार, 08 अक्टूबर (हि.स.)। एशियाई खेलों में कबड्डी में स्वर्ण पदक जीतकर

गांव, प्रदेश और देश का नाम रोशन करने वाली खिलाड़ी मनीषा रुहिल का गांव किरतान में

सम्मान किया गया। उनकी इस उपलब्धि पर बुगालिया परिवार की ओर से आयोजित कार्यक्रम में

ग्रामीणों ने मनीषा को सम्मानित कर उनकी सफलता पर खुशी जताई।

इस अवसर पर क्लब प्रधान कपूर सिंह बुगालिया ने गुरुवार काे कहा कि बेटी मनीषा ने अपनी प्रतिभा

और मेहनत के बल पर जो उपलब्धि हासिल की है, उस पर पूरे गांव को गर्व है। उन्होंने कहा

कि बेटियों को खेलों में आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित किया जाना चाहिए, ताकि वे राष्ट्रीय

और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश का परचम लहरा सकें। मनीषा ने अपने गांव के साथ-साथ अपने

माता-पिता का नाम भी रोशन किया है। ऐसे में गांव की बेटी की उपलब्धि पर उसे सम्मानित

करना सभी का दायित्व है।

सुरेश मास्टर ने कहा कि गांवों में खेलों को बढ़ावा देने की जरूरत है, ताकि

युवा खेलों में आगे बढ़ सकें। खेल युवाओं को नशे जैसी कुरीतियों से दूर रखने में भी

महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने कहा कि युवाओं की ऊर्जा को सकारात्मक दिशा

में लगाकर वे देश और प्रदेश का नाम रोशन कर सकते हैं। इसके लिए सभी को मिलकर प्रयास

करना होगा।

इस अवसर पर मेवा सिंह बुगालिया, प्रभु बुगालिया, दलीप बुगालिया, बलवान बुगालिया,

राजपाल बुगालिया, हरि सिंह बुगालिया, मनवीर बुगालिया, प्रमोद बुगालिया, भरत सिंह बुगालिया,

कन्या शर्मा, विकी, इन्द्र, सुंदर कुमार, जितु बुगालिया, कृष्ण, बलविंदर सहित अन्य

ग्रामीण मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर

Share this story