हिसार : सामाजिक समरसता भाजपा की मूल विचारधारा: रणबीर गंगवा

WhatsApp Channel Join Now
हिसार : सामाजिक समरसता भाजपा की मूल विचारधारा: रणबीर गंगवा


कुरुक्षेत्र के उमरी में 25 नवंबर को मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी करेंगे विशाल

जनसभा को संबोधित

सद्गुरु रविदास महाराज के 650वें जयंती वर्ष पर निकाली जा रही समरसता संकल्प

यात्रा में प्रदेश के सभी 23 जिलों की होगी भागीदारी

हिसार, 23 नवंबर (हि.स.)। कैबिनेट मंत्री रणबीर गंगवा ने कहा है कि सामाजिक

समरसता भारतीय जनता पार्टी की मूल विचारधारा का आधार है। अनुसूचित जाति समाज सहित प्रदेश

की छत्तीस बिरादरी के हितों की रक्षा, सभी को समान सम्मान और विकास के अवसर उपलब्ध

करवाना पार्टी की प्रतिबद्धता है। समाज की वास्तविक प्रगति तभी संभव है, जब सभी वर्ग

बिना किसी भेदभाव के एक-दूसरे के साथ खड़े हों। सद्गुरु श्री रविदास जी महाराज ने सदियों

पहले समानता और भाईचारे का जो संदेश दिया था, भाजपा उसी भावना को आगे बढ़ाने का कार्य

कर रही है।

रणबीर गंगवा सोमवार को भाजपा जिला कार्यालय में पत्रकारों से बातचीत कर रहे

थे। उन्होंने बताया कि सद्गुरु श्री रविदास जी महाराज के 650वें जयंती वर्ष के उपलक्ष्य

में आयोजित समरसता संकल्प यात्रा केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि सामाजिक चेतना जगाने

और सभी वर्गों को एकजुट करने का अभियान है। उन्होंने सद्गुरु रविदास जी महाराज की वाणी

का उल्लेख करते हुए कहा कि ऐसा चाहूं राज मैं, जहां मिलै सबन को अन्न। छोट बड़ो सब

सम बसै, रैदास रहै प्रसन्न। इन पंक्तियों में ऐसे समाज की कल्पना की गई है, जहां किसी

के साथ ऊंच-नीच का व्यवहार न हो और प्रत्येक व्यक्ति को सम्मानपूर्वक जीवन जीने का

अवसर मिले। संत-महापुरुषों को जातियों की सीमाओं में बांधना उनकी महान शिक्षाओं के

साथ अन्याय है। वे किसी एक समाज के नहीं, बल्कि पूरी मानवता के आदर्श होते हैं।

रणबीर गंगवा ने बताया कि सद्गुरु श्री रविदास जी महाराज के 650वें जयंती वर्ष

के उपलक्ष्य में 18 नवंबर से 3 दिसंबर 2026 तक देशव्यापी समरसता संकल्प यात्रा निकाली

जा रही है। यात्रा पंजाब के जालंधर स्थित डेरा सचखंड बल्लां से शुरू हुई है। लगभग

2402 किलोमीटर की यह यात्रा विभिन्न राज्यों और केंद्रशासित क्षेत्रों के करीब 47 शहरों

से गुजरते हुए वाराणसी स्थित उनकी जन्मस्थली सीर गोवर्धनपुर में संपन्न होगी।

हरियाणा में यह यात्रा 25, 26 और 28 नवंबर को रहेगी। मुख्य यात्रा यमुनानगर,

अंबाला, कुरुक्षेत्र, करनाल, पानीपत, सोनीपत, फरीदाबाद और पलवल सहित आठ जिलों से गुजरेगी।

वहीं हिसार सहित शेष 15 जिलों से निकलने वाली उपयात्राएं निर्धारित स्थानों पर मुख्य

यात्रा में शामिल होंगी। इस प्रकार प्रदेश के सभी 23 जिलों की भागीदारी सुनिश्चित की

जाएगी और सामाजिक समरसता का संदेश जन-जन तक पहुंचाया जाएगा।

उन्होंने बताया कि 25 नवंबर

को कुरुक्षेत्र के उमरी में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी विशाल जनसभा को संबोधित करेंगे।

इसमें संत समाज, विभिन्न सामाजिक संगठनों और छत्तीस बिरादरी के लोगों की भागीदारी रहेगी।

26 नवंबर को यात्रा करनाल और पानीपत होते हुए सोनीपत पहुंचेगी, जहां बहालगढ़ में जनसभा

आयोजित की जाएगी। इसके बाद यात्रा उत्तर प्रदेश की ओर बढ़ेगी। 28 नवंबर को दिल्ली से

दोबारा हरियाणा में प्रवेश करने के बाद फरीदाबाद में बड़ी जनसभा होगी। इसके बाद यात्रा

पलवल और होडल होते हुए आगे रवाना होगी।

पत्रकार वार्ता में भाजपा जिलाध्यक्ष डॉ. आशा खेदड़, जिला महामंत्री कृष्ण

सरसाना, पूर्व चेयरमैन सतबीर वर्मा, जिला कोषाध्यक्ष अशोक मित्तल, जिला मीडिया प्रभारी

राजेन्द्र सपड़ा, जिला मीडिया सह-प्रभारी सतनाम सैनी तथा पूर्व प्रशासनिक अधिकारी दलबीर

भारती सहित अनेक पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

781807 Articles

Share this story