जींद : राष्ट्रीय काजला खाप देगी बेटियों की शिक्षा पर जोर

WhatsApp Channel Join Now
जींद : राष्ट्रीय काजला खाप देगी बेटियों की शिक्षा पर जोर


जींद, 27 सितंबर (हि.स.)। जाट धर्मशाला में रविवार को राष्ट्रीय काजला खाप की वार्षिक बैठक राष्ट्रीय काजला खाप के राष्ट्रीय सलाहकार एवं पूर्व विधायक सूरजभान काजल की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में सामाजिक समस्याओं पर मंथन किया गया। बैठक में सर्वसम्मति से प्रस्ताव पास किए गए। जिसमें बेटियों की शिक्षा और संस्कार पर जोर देना। शिक्षा, नौकरी और व्यापार के क्षेत्र में बड़ी उपलब्धि हासिल करने वाले बच्चों को खाप वार्षिक सम्मेलन में सम्मानित करेगी।

राष्ट्रीय काजला खाप के राष्ट्रीय सलाहकार एवं पूर्व विधायक सूरजभान काजल ने बताया कि बैठक में प्रस्ताव पारित किए गए हैं। काजला गौत्र के गरीब, अनाथ बच्चों की पढ़ाई के लिए खाप कोष से मदद की जाएगी। युवाओं में नशे के खिलाफ संकल्प, विवाह और खुशी के अवसर पर डीजे बजाने पर सामूहिक रोक लगाने का संदेश और जोर दिया गया। मृत्यु भोज पर पूरी तरह से प्रतिबंध को और कठोरता से लागू करने का फैसला लिया गया है। दहेज मुक्त शादी, दहेज लेने और देने पर पाबंदी रहेगी। समगोत्र, सम गांव विवाह और लिव इन रिलेशन जैसी कुरीतियों का पुरजोर विरोध करने का प्रस्ताव पारित किया गया। अगर काजला परिवार के किसी भी सदस्य ने यह कदम उठाया तो उसका बहिष्कार किया जाएगा। बहू, बेटियों की शिक्षा, नौकरी और सम्मान के लिए खाप का खुला समर्थन है और बेटियों को भी मंच पर बराबर जगह मिलेगी। सभी की एकता, पुराने मनमुटाव खत्म करने के लिए सभी नौ राज्यों (हर राज्य में 11 सदसीय) एक कमेटी का गठन किया गया।

काजला खाप में युवा विंग और संगठन को मजबूती देने, हर जिले में युवा अध्यक्ष, सक्रिय पदाधिकारियों को जिम्मेदारी देने पर विचार किया गया है। बुजुर्गों के अनुभव से मार्गदर्शन व सम्मान, राष्ट्रीय काजला खाप का हर सदस्य एक पेड़ मां के नाम अभियान चलाएगा और देश के पर्यावरण को बचाने का काम करेगा। दहेज से जुड़े मामले में सजायाफ्ता परिवार का बहिष्कार करने का फैसला लिया गया। केंद्र सरकार द्वारा अमेरिका के दबाव में जो किसान मजदूर और आमजन विरोधी ट्रेड डील पर हस्ताक्षर करके जो किसानों के डेथ वॉरंट पर हस्ताक्षर करने जैसा है और किसानों को पूर्णतया से उजाडऩे व मारने जैसा काम किया है।

हिन्दुस्थान समाचार / विजेंद्र मराठा

Share this story