हरियाणा वासियों को पानी के कम प्रेशर व लीकेज से मिलेगी राहत
2,513.66 किलोमीटर पाइपलाइन बदलने की योजना तैयार
चंडीगढ़, 19 नवंबर (हि.स.)। हरियाणा में आने वाले दिनों में पानी की सप्लाई के दौरान कम प्रेशर और लीकेज जैसी समस्याओं से लोगों को राहत दिलाने की दिशा में जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी मंत्री रणबीर गंगवा ने बड़ा कदम उठाया है। उनके निर्देशानुसार, विभाग ने प्रदेश में पुरानी और खराब हो चुकी पेयजल पाइपलाइनों को बदलने के लिए व्यापक रोडमैप तैयार किया है। इसके तहत कुल 2,513.66 किलोमीटर पाइपलाइन बदलने से जुड़े 798 एस्टीमेट तैयार किए गए हैं, जिनकी कुल लागत 1,863.77 करोड़ रुपये है।
प्रदेश में पेयजल व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए विभाग ने दो स्तरों पर काम आगे बढ़ाया है। पहले चरण में 1,184.17 करोड़ रुपये के 403 एस्टीमेट प्रशासनिक स्वीकृति के बाद प्रगति पर हैं। इनके तहत 1,146.85 किलोमीटर पुरानी और अनुपयोगी पाइपलाइन बदली जानी है। इनमें से 430.86 किलोमीटर अनुपयोगी पाइपलाइनों के स्थान पर नई पाइपलाइन पहले ही बिछाई जा चुकी है। वहीं, दूसरे चरण में 679.60 करोड़ रुपये के 395 अतिरिक्त एस्टीमेट चिह्नित किए गए हैं। इनके माध्यम से 1,366.81 किलोमीटर और पाइपलाइन बदलने की योजना है। इन कार्यों में 330.88 करोड़ रुपये पाइपलाइन बदलने और 348.72 करोड़ रुपये अन्य संबंधित कार्यों पर खर्च किए जाने का प्रावधान है।
मंत्री रणबीर गंगवा ने कहा कि पेयजल व्यवस्था की असली सफलता तभी है, जब हर परिवार को नल कनेक्शन का पूरा लाभ मिले। उनका मानना है कि हर घर तक नल से स्वच्छ पानी पहुंचाने के साथ यह भी सुनिश्चित करना जरूरी है कि लोगों को पर्याप्त मात्रा में और सही प्रेशर से नियमित पानी मिले।
उन्होंने कहा कि पुरानी पाइपलाइनों में समय के साथ जंग और दूसरी परतें जमने से पानी के बहाव का रास्ता संकरा हो सकता है। इससे कई जगह सप्लाई का प्रेशर कम हो जाता है। मंत्री रणबीर गंगवा ने कहा कि केवल नल कनेक्शन देना ही काफी नहीं है, बल्कि लोगों तक पर्याप्त मात्रा में स्वच्छ पानी पहुंचाना और सप्लाई को भरोसेमंद बनाना भी उतना ही जरूरी है। इसी उद्देश्य से पुरानी और खराब पाइपलाइनों को बदलने की व्यापक योजना तैयार की गई है। इससे पानी की बर्बादी कम करने, सप्लाई का प्रेशर बेहतर बनाने और भविष्य की जरूरतों के अनुरूप पेयजल व्यवस्था को मजबूत करने में मदद मिलेगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा

