हिसार : एडवोकेट संतलाल अंबेडकर पर जानलेवा हमले की कोशिश का आरोप

WhatsApp Channel Join Now
हिसार : एडवोकेट संतलाल अंबेडकर पर जानलेवा हमले की कोशिश का आरोप


कौशिक नगर में बैठक के बाद पीछा करने और लघु सचिवालय धरने के दौरान संदिग्ध

गतिविधियों का आरोप

हिसार, 25 सितंबर (हि.स.)। भीम आर्मी भारत एकता मिशन के पदाधिकारियों ने एडवोकेट

एवं प्रदेश महासचिव संतलाल अंबेडकर पर कथित जानलेवा हमले के प्रयास का आरोप लगाते हुए शुक्रवार काे

पुलिस अधीक्षक के नाम शिकायत दी है। संगठन ने मामले की निष्पक्ष जांच, आरोपित व्यक्तियों

के खिलाफ नियमानुसार कानूनी कार्रवाई तथा संतलाल अंबेडकर और उनके परिवार को सुरक्षा

मुहैया कराने की मांग की है।

शिकायत में संतलाल अंबेडकर ने शुक्रवार काे आरोप लगाया कि 22 सितंबर को कौशिक नगर में सामाजिक

बैठक के बाद लौटते समय कुछ संदिग्ध व्यक्तियों की गतिविधियां सामने आईं। शिकायत के

अनुसार, एक व्यक्ति के पास हथियार होने की आशंका भी जताई गई। इसके बाद कुछ व्यक्तियों

द्वारा उनका पीछा किए जाने का आरोप लगाया गया। अगले दिन 23 सितंबर को लघु सचिवालय के

बाहर धरने के दौरान भी संदिग्ध गतिविधियां होने की बात शिकायत में कही गई है। शिकायत में सुरेंद्र भोरिया और सुरेंद्र चौटी सातरोड़ सहित कुछ व्यक्तियों

के साथ पूर्व विवाद और धमकी संबंधी शिकायतें दिए जाने का भी उल्लेख किया गया है। कुछ

युवकों के आदमपुर क्षेत्र से होने की बात भी कही गई है। शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया

कि पूर्व में भी उन पर हमला करवाने और गंभीर नुकसान पहुंचाने की धमकियां दी जा चुकी

हैं। भीम आर्मी पदाधिकारियों ने पुलिस अधीक्षक से मांग की कि मामले की गंभीरता से

जांच करते हुए सीसीटीवी फुटेज, कॉल रिकॉर्ड और अन्य उपलब्ध साक्ष्यों की जांच कराई

जाए। जांच में आरोप सही पाए जाने पर संबंधित व्यक्तियों के खिलाफ कानून के अनुसार कार्रवाई

की जाए। साथ ही एडवोकेट संतलाल अंबेडकर और उनके परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर

Share this story