हिसार : गुजवि की अंतरराष्ट्रीय कॉन्फ्रेंस में 18 देशों के 570 से अधिक प्रतिनिधियों ने साझा किए शोध
‘लर्निंग बाय डूइंग’ से पैदा होती है रचनात्मकता
: प्रो. वाईके विज
तीन दिवसीय आईसीईएमएसईटी-2026 का समापन
हिसार, 18 नवंबर (हि.स.)। यहां के गुरु जम्भेश्वर विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी
विश्वविद्यालय में भौतिकी विभाग और मेटा साइटेक सोसायटी, हरियाणा के संयुक्त तत्वावधान
में आयोजित तीन दिवसीय अंतरराष्ट्रीय कॉन्फ्रेंस आईसीईएमएसईटी-2026 का बुधवार को समापन
हो गया। इलेक्ट्रॉनिक मैटेरियल्स, सेमीकंडक्टर डिवाइसेज एंड इमर्जिंग टेक्नोलॉजीज विषय
पर आयोजित इस सम्मेलन में 18 देशों के 570 से अधिक प्रतिनिधियों और 41 विदेशी वक्ताओं
ने भाग लिया। समापन समारोह में राजस्थान विश्वविद्यालय के पूर्व प्रोफेसर एवं प्रख्यात
भौतिक विज्ञानी प्रो. वाईके विज मुख्य अतिथि रहे जबकि अध्यक्षता कॉन्फ्रेंस के संयोजक
एवं भौतिकी विभागाध्यक्ष प्रो. राजिंदर सिंह कुंडू ने की।
प्रो. वाईके विज ने भौतिकी के विभिन्न कार्यशील मॉडलों का लाइव प्रदर्शन करते
हुए प्लाज्मा उत्पादन, रमन प्रभाव और ठोस अवस्था भौतिकी से जुड़े वैज्ञानिक सिद्धांतों
को प्रयोगों के माध्यम से समझाया। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को किताबी ज्ञान के
साथ प्रयोगात्मक गतिविधियों के माध्यम से भी विषय को समझना चाहिए। लर्निंग बाय डूइंग
यानी करके सीखने की प्रक्रिया विद्यार्थियों में रचनात्मकता विकसित करती है और जटिल
वैज्ञानिक अवधारणाओं को सरलता से समझने में मदद करती है। उन्होंने कहा कि विज्ञान को
केवल पढ़ने के बजाय प्रयोग करके समझना सीखने की प्रक्रिया को अधिक प्रभावी बनाता है।
कॉन्फ्रेंस संयोजक प्रो. राजिंदर सिंह कुंडू ने समापन रिपोर्ट प्रस्तुत करते
हुए बताया कि हाइब्रिड मोड में आयोजित इस अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन में 18 देशों के
570 से अधिक प्रतिनिधियों और 41 विदेशी वक्ताओं ने 15 विभिन्न विषयों पर अपने शोधपत्र
और विचार साझा किए। सम्मेलन के दौरान इलेक्ट्रॉनिक मैटेरियल्स, सेमीकंडक्टर डिवाइसेज
और उभरती प्रौद्योगिकियों से जुड़े विभिन्न शोध एवं तकनीकी पहलुओं पर विचार-विमर्श
किया गया।
समारोह में विभिन्न तकनीकी सत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों,
शोधार्थियों और वैज्ञानिकों को बेस्ट पेपर प्रेजेंटेशन अवार्ड तथा बेस्ट पोस्टर प्रेजेंटेशन
अवार्ड देकर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर सह-संयोजक प्रो. मंजीत सिंह गोयत, आयोजन सचिव डॉ. विवेक गुप्ता
एवं डॉ. अमृता हुड्डा, समन्वय समिति की सदस्य प्रो. सुजाता सांगी, प्रो. आशीष अग्रवाल,
प्रो. नीतू अहलावत, डॉ. रमेश कुमार, डॉ. हरदेव सिंह, डॉ. रवि भाटिया, डॉ. साहिल सैनी
और डॉ. वंदना नागल सहित शिक्षक, शोधार्थी एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे। राष्ट्रगान के
साथ तीन दिवसीय अंतरराष्ट्रीय कॉन्फ्रेंस का समापन हुआ।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर

