हांसी: जलघर के टैंक में डूबने से व्यक्ति की मौत, रातभर लापता रहा

WhatsApp Channel Join Now
हांसी: जलघर के टैंक में डूबने से व्यक्ति की मौत, रातभर लापता रहा


पानी लेने गया था जलघर, सुबह ग्रामीणों ने टैंक में तैरता देखा शव

हांसी, 03 अगस्त (हि.स.)। जिले के बास क्षेत्र के गांव खरबला स्थित जनस्वास्थ्य

विभाग के जलघर में बने पानी के टैंक में डूबने से एक 47 वर्षीय व्यक्ति की मौत हो गई।

मृतक रविवार शाम से लापता था। सोमवार सुबह ग्रामीणों ने जलघर के टैंक में शव तैरता

देखा, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को बाहर निकलवाया

और पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया।

जानकारी के अनुसार गांव खरबला निवासी 47 वर्षीय सतीश कुमार रविवार शाम जलघर

से पानी लेने के लिए गया था। आशंका है कि पानी भरने के दौरान उसका पैर फिसल गया और

वह सीधे पानी से भरे टैंक में जा गिरा। गहरे पानी में डूबने से उसकी मौके पर ही मौत

हो गई। रविवार रात जब सतीश घर नहीं लौटा तो परिजनों ने उसकी काफी तलाश की, लेकिन उसका

कोई पता नहीं चल सका। सोमवार सुबह कुछ ग्रामीण जलघर पहुंचे तो उन्हें टैंक में एक शव

तैरता दिखाई दिया। इसके बाद तत्काल पुलिस को सूचना दी गई।

सूचना मिलते ही सोरखी चौकी प्रभारी जोगिंदर सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर

पहुंचे। पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से शव को टैंक से बाहर निकलवाया और जांच शुरू की।

मौके पर जांच के दौरान मृतक के शरीर पर किसी प्रकार के चोट के निशान नहीं मिले, जिससे

प्रथम दृष्टया मामला हादसे का प्रतीत हुआ। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम

के लिए हांसी के नागरिक अस्पताल भेजा। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया

गया। जांच अधिकारी संदीप ने बताया कि मृतक के बड़े भाई जयबीर के बयान के आधार पर इत्तेफाकिया

कार्रवाई की गई है। फिलहाल पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई

की जाएगी।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर

Share this story