सोनीपत : बिजली सेवाएं सुदृढ़, नए सुविधा केन्द्र आरंभ, पॉवर कट से छुटकारा: विधायक निखिल
सोनीपत, 01 अगस्त (हि.स.)। सोनीपत
के उत्तर हरियाणा बिजली वितरण निगम (यूएचबीवीएन) के ऑपरेशन सर्किल के अंतर्गत सिटी
और इंडस्ट्रियल एरिया उपमंडलों में संचालन एवं रखरखाव कार्यों की नई व्यवस्था शनिवार
को शुरू कर दी गई। इसके साथ ही दोनों उपमंडलों में नए बिजली सुविधा केन्द्रों का शुभारंभ
किया गया। कार्यक्रम का आयोजन यूएचबीवीएन ऑपरेशन सर्किल कार्यालय में हुआ, जिसमें विधायक
निखिल मदान और महापौर राजीव जैन मुख्य अतिथि रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता अधीक्षण अभियंता
(ऑपरेशन) मनीन्दर कादियान ने की।
इस दौरान दोनों उपमंडलों के बिजली सुविधा केन्द्रों का उद्घाटन किया गया। साथ ही अंबुजा
कंस्ट्रक्शन कंपनी ने संचालन एवं रखरखाव कार्यों की जिम्मेदारी संभालते हुए नई व्यवस्था
की शुरुआत की। उपभोक्ताओं को बेहतर और त्वरित सेवाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से 14
मोटरसाइकिलें, छह चार पहिया सेवा वाहन और दो हाइड्रा युक्त ट्रैक्टरों को रवाना किया
गया। नई व्यवस्था
के तहत कुल 199 अधिकारियों और कर्मचारियों की टीम सिटी तथा इंडस्ट्रियल एरिया उपमंडलों
में बिजली वितरण प्रणाली के संचालन, रखरखाव, खराबी दूर करने और समयबद्ध सेवाएं देने
का कार्य करेगी। अधिकारियों के अनुसार इससे बिजली आपूर्ति व्यवस्था मजबूत होगी और शिकायतों
का तेजी से समाधान किया जा सकेगा।
अधीक्षण
अभियंता मनीन्दर कादियान ने बताया कि नई व्यवस्था में निवारक रखरखाव, ब्रेकडाउन प्रबंधन
और शिकायतों के त्वरित समाधान पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। संबंधित एजेंसी को निर्धारित
मानकों के अनुरूप सुरक्षित, गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध सेवाएं सुनिश्चित करने के निर्देश
दिए गए हैं।
कार्यक्रम
में उपभोक्ताओं को शिकायत दर्ज कराने की सुविधाओं की भी जानकारी दी गई। बिजली संबंधी
शिकायत के लिए एक-नौ-एक-दो हेल्पलाइन, व्हाट्सएप चैटबॉट नंबर 9815961912 तथा नो-सप्लाई
मिस्ड कॉल नंबर 9990231912 उपलब्ध हैं। इसके अलावा सिटी और इंडस्ट्रियल एरिया बिजली
सुविधा केन्द्रों के मोबाइल नंबर 9315609731 और 9355171621 पर भी सीधे संपर्क किया
जा सकता है। उपभोक्ता व्हाट्सएप पर नाम, पता, मोबाइल नंबर और शिकायत का संक्षिप्त विवरण
भेजकर भी शिकायत दर्ज करा सकते हैं। कार्यक्रम में यूएचबीवीएन के अधिकारी, कर्मचारी,
अंबुजा कंस्ट्रक्शन कंपनी के प्रतिनिधि और शहर के गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / नरेंद्र शर्मा परवाना

