हिसार : बूंदाबांदी से मौसम हुआ खुशगवार, भीषण गर्मी से मिली राहत

WhatsApp Channel Join Now
हिसार : बूंदाबांदी से मौसम हुआ खुशगवार, भीषण गर्मी से मिली राहत


गर्मी व लू से परेशान

नागरिकों ने ली राहत की सांस

हिसार, 28 मई (हि.स.)।

जिले में पिछले कई दिनों से पड़ रही भीषण गर्मी से गुरुवार को कुछ राहत मिली। दोपहर

बाद अचानक मौसम ने करवट बदली और आसमान में बादल छा गए। शहर के कई क्षेत्रों में हल्की

बूंदाबांदी होने से मौसम सुहावना हो गया। तेज धूप और गर्म हवाओं से परेशान लोगों ने

राहत की सांस ली। मौसम बदलने के साथ तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई और अधिकतम तापमान

44.2 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया जबकि बुधवार को यह तापमान 45 डिग्री पहुंच गया था।

सुबह से ही हिसार

में तेज धूप निकलने के कारण गर्मी का असर बना हुआ था। दोपहर के समय गर्म हवाओं के चलते

सड़कों पर आवाजाही कम दिखाई दी। बाजारों और सार्वजनिक स्थानों पर भी लोगों की संख्या

सामान्य दिनों की तुलना में कम रही। हालांकि दोपहर बाद अचानक मौसम में बदलाव शुरू हुआ।

हवाओं और आसमान में छाए बादलों के कारण वातावरण में ठंडक महसूस की गई। इसके बाद शहर

के कई हिस्सों में हल्की बूंदाबांदी हुई, जिससे लोगों को गर्मी से काफी राहत मिली।

बूंदाबांदी के दौरान

बच्चों और युवाओं ने मौसम का आनंद लिया। कई लोग घरों और कार्यालयों से बाहर निकलकर

ठंडी हवाओं का आनंद लेते नजर आए। शहर के पार्कों और चाय की दुकानों पर भी लोगों की

भीड़ बढ़ गई। किसानों ने भी मौसम में आए बदलाव को फसलों के लिए लाभकारी बताया। उनका

कहना है कि तेज गर्मी के बीच हल्की बारिश और बादल छाने से खेतों में नमी बनी रहेगी,

जिससे कुछ राहत मिलेगी।

मौसम विशेषज्ञों

ने लोगों को गर्मी व बदलते मौसम में सावधानी बरतने की सलाह दी है। विशेष रूप से दोपहर

के समय अनावश्यक रूप से बाहर निकलने से बचने, पर्याप्त मात्रा में पानी पीने और हल्के

कपड़े पहनने की अपील की गई है। मौसम में आए इस बदलाव से लोगों के चेहरे खिल उठे हैं।

पिछले कई दिनों से लगातार पड़ रही भीषण गर्मी और लू के कारण आमजन काफी परेशान थे। ऐसे

में हल्की बूंदाबांदी और ठंडी हवाओं ने लोगों को बड़ी राहत पहुंचाई है।

कैसा रहेगा प्रदेश

का मौसम

हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय

के मौसम विज्ञान विभाग के अध्यक्ष डॉ. मदन खीचड़ का कहना है कि राज्य में मौसम आमतौर

पर 29 मई तक खुश्क रहने व बीच बीच में दक्षिण पश्चिमी गर्म हवाएं चलने की संभावना है

जिससे दिन के तापमान में बढ़ोतरी होने तथा लू चलने की भी संभावना है। उन्होंने बताया

कि 29 मई को एक पश्चिमी विक्षोभ पहाड़ों की तरफ बढ़ने तथा राजस्थान के ऊपर एक साइक्लोनिक

सरकुलेशन बनने की संभावना है जिसके आंशिक प्रभाव से 29 मई रात्रि से 1 जून के दौरान

हरियाणा में ज्यादातर क्षेत्रों में आंशिक बादलवाई रहने तथा बीच बीच में धूल भरी हवाएं

चलने व कहीं कहीं गरजचमक के साथ बूंदाबांदी या हल्की बारिश की संभावना है। इस परिवर्तन

के चलते दिन के तापमान में हल्की गिरावट भी संभावित है।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर

Share this story