हिसार : गृह प्रवेश में उमड़े जनसैलाब ने स्व. भजनलाल के बनाए रिश्तों की यादें ताजा की
कुलदीप बोले: आपने घर को परिवार और आंगन को आशीर्वाद
का संसार बना दिया
हरियाणा सहित पांच राज्यों से हजारों लोग पहुंचे
गृह प्रवेश कार्यक्रम में
हिसार, 11 नवंबर (हि.स.)। वरिष्ठ भाजपा नेता एवं
पूर्व सांसद कुलदीप बिश्नोई के अनाज मंडी स्थित नए आवास के गृह प्रदेश कार्यक्रम में
बुधवार को हजारों लोग पहुंचे। उन्होंने समारोह में हरियाणा, राजस्थान, पंजाब, महाराष्ट्र
और अहमदाबाद सहित देश के विभिन्न हिस्सों से पहुंचे शुभचिंतकों, समर्थकों, सामाजिक
एवं राजनीतिक हस्तियों और गणमान्य लोगों का आभार व्यक्त किया।
कुलदीप बिश्नोई ने कहा कि शुभचिंतकों ने अपना
कीमती समय निकालकर और लंबा सफर तय करके उनके परिवार की खुशियों में सहभागिता की। यह
उनके लिए भावुक और गौरवपूर्ण क्षण रहा। उन्होंने कहा कि गृह प्रवेश समारोह में उमड़े
जनसैलाब को देखकर स्वर्गीय चौधरी भजनलाल द्वारा जीवनभर बनाए गए रिश्तों और लोगों के
उनके प्रति अटूट प्रेम की यादें ताजा हो गईं। आज भी लोगों के दिलों में उनके प्रति
वही सम्मान और अपनत्व कायम है। यह देखकर मन भावुक हो उठा कि उनके द्वारा बनाए गए रिश्तों
की डोर आज भी कितनी मजबूत है। उन्होंने भावुक अंदाज में कहा कि हमने तो घर बनाया था,
आपने इसे परिवार बना दिया और अपने प्यार से इस आंगन को आशीर्वाद का संसार बना दिया।
लोगों ने केवल समारोह की शोभा नहीं बढ़ाई, बल्कि अपने स्नेह और आशीर्वाद से पूरे परिवार
की खुशियों को दोगुना कर दिया। यह प्यार और अपनापन उनके परिवार के लिए जीवनभर की अनमोल
धरोहर रहेगा।
कुलदीप बिश्नोई ने उन शुभचिंतकों का भी आभार जताया,
जो व्यस्तताओं, जिम्मेदारियों या अन्य विवशताओं के चलते समारोह में नहीं पहुंच सके,
लेकिन उन्होंने फोन और संदेशों के माध्यम से शुभकामनाएं भेजीं। उन्होंने कहा कि यह
आवास केवल उनके परिवार का घर नहीं, बल्कि सभी शुभचिंतकों का अपना घर है और इसके दरवाजे
हमेशा उनके लिए खुले रहेंगे। लोगों का स्नेह, विश्वास और आशीर्वाद ही उनकी सबसे बड़ी
पूंजी तथा जनसेवा के मार्ग पर आगे बढ़ने की ताकत है। उन्होंने चौधरी भजनलाल परिवार
की ओर से सभी आगंतुकों, कार्यकर्ताओं और समर्थकों का आभार व्यक्त किया।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर

