जींद में घरेलू गैस का सिलेंडर फटा, दो बच्चों समेत चार झुलसे

WhatsApp Channel Join Now

जींद, 7 अप्रैल (हि.स.)। शिव कालोनी में रविवार देर रात उस समय हडकंप मच गया जब घर में सिलेंडर फट गया। इस हादसे में दो बच्चों समेत चार लोग झुलस गए। घायलों को रोहतक पीजीआई रेफर किया गया है। सिलेंडर कैसे ब्लास्ट हुआए इसके बारे में अभी तक पता नहीं चल पाया है। सोमवार को आसपास के लोग घायल परिवार से मिले और सांत्वना दी।

जानकारी के अनुसार जींद की शिव कॉलोनी में रहने वाला 30 वर्षीय कशमीर सिंह, उसकी पत्नी इंदिरा देवी, बच्चा पांच वर्षीय अंशुमन और दूसरा बच्चा घर में मौजूद थे। इंदिरा खाना बनाने की तैयारी कर रही थी, तभी अचानक से बड़ा धमाका हो गया और घर में आग लग लग गई। इसमें कमरे में बैठे इंदिरा, कशमीर सिंह, छोटा बच्चा अंशुमन व एक दूसरा बच्चा बुरी तरह से आग में झुलस गए।

आसपास के लोग आए और एंबुलेंस को सूचना दी गई। घायलों को एंबुलेंस में बैठाकर सिविल अस्पताल में ले जाया गया। यहां उन्हें प्राथमिक उपचार देकर रोहतक पीजीआई रेफर कर दिया गया। घायलों की हालत स्थिर बनी हुई है। गैस रिसाव होने से सिलेंडर ब्लास्ट हुआ या दूसरे कारणों सेए अभी तक पता नहीं चल पाया है। सोमवार को जानकारी देते हुए सिविल लाइन पुलिस एसएचओ विनोद कुमार ने बताया कि हादसे की सूचना मिली थी। एक महिला के दोनों हाथ बुरी तरह से जले हुए हैं। बाकी को चोटें आई हैं या नहीं, इसके बारे में जानकारी जुटाई जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विजेंद्र मराठा

Share this story