हिसार में साइबर सेल ने 21 गुमशुदा मोबाइल बरामद कर मालिकों को लौटाए
एसपी सिद्धांत जैन ने स्वयं मोबाइल सुपुर्द कर बढ़ाया नागरिकों का भरोसा
हिसार, 07 अगस्त (हि.स.)। जिला पुलिस की साइबर सेल ने एक बार फिर अपनी तकनीकी
दक्षता और त्वरित कार्रवाई का परिचय देते हुए 21 गुमशुदा मोबाइल फोन बरामद कर उनके
वास्तविक मालिकों को सौंप दिया। लाखों रुपये मूल्य के इन मोबाइल फोनों की बरामदगी से
न केवल पीड़ितों के चेहरे पर मुस्कान लौटी, बल्कि पुलिस के प्रति लोगों का विश्वास
भी और मजबूत हुआ।
पुलिस अधीक्षक सिद्धांत जैन के नेतृत्व एवं मार्गदर्शन में चलाए गए इस अभियान
के तहत पुलिस अधीक्षक कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम के दौरान एसपी ने शुक्रवार काे स्वयं बरामद
मोबाइल फोन उनके वास्तविक मालिकों को सुपुर्द किए। अपना खोया हुआ मोबाइल वापस मिलने
पर नागरिकों ने हिसार पुलिस का आभार व्यक्त करते हुए इस पहल की सराहना की। एसपी सिद्धांत
जैन ने बताया कि साइबर सेल प्रभारी पीएसआई अमित के नेतृत्व में टीम ने गुमशुदा मोबाइल
फोन संबंधी शिकायतों पर गंभीरता से कार्रवाई करते हुए आईएमईआई ट्रैकिंग, डिजिटल सर्विलांस,
लोकेशन विश्लेषण और अन्य आधुनिक तकनीकी माध्यमों का उपयोग किया। लगातार तकनीकी निगरानी,
डेटा विश्लेषण और समन्वित प्रयासों के परिणामस्वरूप टीम 21 मोबाइल फोन बरामद करने में
सफल रही। उन्होंने कहा कि जिला पुलिस नागरिकों की संपत्ति की सुरक्षा और साइबर अपराधों
की रोकथाम के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। भविष्य में भी गुमशुदा
मोबाइल फोन की बरामदगी और साइबर अपराधों के खिलाफ इसी तरह प्रभावी अभियान जारी रहेंगे।
इस अभियान में साइबर सेल के मुख्य सिपाही मुकेश सहारण, महिला ऑपरेटर अनीता,
शहर थाना से सिपाही मुकेश, थाना उकलाना से सुशील, थाना बरवाला से अमरदीप, सीआईए मिल
गेट से महिला सिपाही अनीता व थाना अर्बन एस्टेट से सिपाही कुलदीप ने महत्वपूर्ण भूमिका
निभाई।
बरामद मोबाइल प्राप्त करने वालों में गोरछी से जय सिंह, हिसार से राजेश चौधरी,
मॉडल टाउन से अनुकूल शर्मा, स्याहड़वा से नीरज, अग्रसेन कॉलोनी से राजेश, महलसरा से
कुलदीप, सातरोड़ कला से विनोद, अर्बन एस्टेट से गीता, नगथला से अमित, मुकलान से सुदेश,
शिव नगर से रीना, हिसार से शमशेर ब्यानाखेड़ा से विकास सहित अन्य नागरिक शामिल रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर

