पानीपत: लिव इन पार्टनर ने महिला की बेटी से किया बलात्कार, गिरफ्तार

WhatsApp Channel Join Now

पानीपत, 01 मई (हि.स.)।

पानीपत की एक कॉलोनी में विवाहिता महिला के साथ 7 साल से लिव-इन में रह रहे व्यक्ति ने उसकी 16 वर्षीय नाबालिग बेटी को अपनी हवस का शिकार बनाया। आरोपी ने न केवल किशोरी के साथ बलात्कार किया, बल्कि उसे और उसकी मां को जान से मारने की धमकी भी दी।

किशोरी ने आपबीती जब अपनी मां को बताई तो इसके बाद मां खुद थाने पहुंची और उक्त व्यक्ति के खिलाफ थाने में शिकायत दी। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपी के खिलाफ पॉक्सो एक्ट सहित विभिन्न संगीन धाराओं में मुकदमा दर्ज कर त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस को दी गई शिकायत में पीड़िता की मां ने बताया कि वह मूलरूप से पानीपत के एक गांव की रहने वाली है। वर्तमान में वह किसी दूसरी कॉलोनी में किराए पर रहती है।

महिला ने बताया कि वह अपने पति से पिछले 7 साल से अलग रह रही है। इस दौरान वह जींद निवासी श्री भगवान के साथ लिव-इन रिलेशनशिप में रह रही थी। महिला के तीन बच्चे (दो लड़कियां और एक लड़का) भी उन्हीं के साथ रहते थे। शिकायत के अनुसार, गुरुवार को महिला, उसके बच्चे और आरोपी श्रीभगवान सभी एक ही कमरे में सो रहे थे। अलसुबह महिला की 16 वर्षीय छोटी बेटी रोते हुए उठी। जब मां ने उससे रोने का कारण पूछा, तो किशोरी ने आपबीती सुनाते हुए बताया कि सोते समय श्रीभगवान ने उसके साथ बलात्कार किया है।

पीड़िता ने अपनी मां को बताया कि आरोपी श्रीभगवान पिछले काफी समय से उस पर गंदी नजर रख रहा था और पहले भी उसके साथ छेड़छाड़ कर चुका था। पुलिस ने शुक्रवार को महिला की शिकायत पर पॉक्सो एक्ट सहित विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है,आरोपी से पूछताछ जारी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अनिल वर्मा

Share this story