पानीपत: नाबालिग को नशीला पदार्थ पिलाकर किया बलात्कार
पानीपत, 28 अप्रैल (हि.स.)। पानीपत में एक नाबालिग लड़की के साथ एक युवक द्वारा बलात्कार करने का मामला सामने आया है। पीड़िता के अनुसार वह अपनी सहेली से मिलने के लिए गई थी। उसका पड़ोसी झूठ बोलकर उसे अपने कमरे में ले गया, और उसके साथ जबरन शारीरिक संबंध बनाए। युवक के 5 साथियों ने छेड़छाड़ करते हुए लड़की का अश्लील वीडियो भी बना लिया।
मतलौडा थाना पुलिस ने लड़की की दादी की शिकायत पर छह युवकों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। मतलौडा थाना क्षेत्र की रहने वाली एक बुजुर्ग महिला ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसकी 17 वर्षीय पोती दसवीं कक्षा की छात्रा है। गत दिवस वह अपनी सहेली से मिलने उसके घर गई थी, लेकिन सहेली वहां नहीं मिली। इसी दौरान सहेली के पड़ोसी अंकित ने उसे आवाज देकर कहा कि उसकी सहेली उसके घर के ऊपर वाले कमरे में है।
लड़की उसकी बातों में आकर ऊपर चली गई, लेकिन वहां सहेली नहीं मिली। अंकित ने उसे चाय पिलाई, जिसे पीकर वह बेसुध हो गई। इसी बीच अंकित ने अपने पांच साथियों- आदित्य, शिवम, समीर, कृष्ण और नितेश को वहां बुला लिया। अंकित ने लड़की का रेप किया, जबकि अन्य आरोपियों ने उसके साथ छेड़खानी की। नितेश ने इस पूरी घटना का वीडियो अपने मोबाइल में बना लिया। होश आने पर सभी आरोपियों ने उसे घेर लिया और धमकी दी कि अगर इस बारे में किसी को भी बताया तो हम तुम्हारी यह वीडियो इंटरनेट पर वायरल कर देंगे। घर पहुंचते ही उसे उल्टियां होने लगीं और उसकी तबीयत बिगड़ गई। उस समय उसके माता-पिता शादी समारोह में गए हुए थे और घर पर उसकी दादी मौजूद थीं। बाद मतलौडा थाने में अंकित, आदित्य, शिवम, समीर, कृष्ण और नितेश के खिलाफ शिकायत दी। थाना मतलौड़ा प्रभारी राजेश ने बताया कि आज पीड़िता की दादी की शिकायत पर छह युवकों के खिलाफ पॉक्सो एक्ट, बलात्कार, जान से मारने की धमकी देना सहित अन्य धाराओं में एफआईआर दर्ज कर आरोपियों की धरपकड़ शुरू कर दी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अनिल वर्मा

